JHARKHAND NEWS
जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में फुटबॉल का भव्य आगाज, उद्घाटन मैच में गया-रांची की टीमें आमने-सामने
जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शनिवार को शहीद विनय भारती फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। चतरा विधायक जनार्दन पासवान ने मैदान में किक मारकर टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन के दौरान स्टेडियम में बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों की मौजूदगी रही। खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। उद्घाटन समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव सिंह भोक्ता, सांसद प्रतिनिधि अरुण सिंह समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
अतिथियों ने मैदान में उतरकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला गया और रांची की टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मैदान पर शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों के बेहतरीन खेल ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया और पूरा स्टेडियम उत्साह से गूंजता रहा। आयोजकों के अनुसार शहीद विनय भारती की स्मृति में आयोजित इस टूर्नामेंट का उद्देश्य क्षेत्र में फुटबॉल को बढ़ावा देना और स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न टीमों के बीच कई रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।