Live

JHARKHAND NEWS

हेमंत सोरेन की मुश्किलें बढ़ीं: ईडी कोर्ट में आज पेश होने का निर्देश, बड़गाई जमीन घोटाले पर होगी सुनवाई

S
Srishtyलेखक

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मुश्किलें और कानूनी हलचल एक बार फिर तेज हो गई है। बड़गाई अंचल जमीन घोटाला और मनी लॉन्ड्रिंग मामले से जुड़ी एक अहम खबर सामने आ रही है। बड़गाई अंचल की करीब 8.86 एकड़ जमीन से जुड़े कथित फर्जीवाड़े और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की शनिवार को होने वाली पेशी टल गई थी। व्यस्त संवैधानिक दायित्वों का हवाला देते हुए उनके अधिवक्ताओं ने ईडी की विशेष अदालत में याचिका दाखिल की थी, जिसमें व्यक्तिगत या वर्चुअल माध्यम से उपस्थित होने में असमर्थता जताई गई थी।

अधिवक्ता के आग्रह पर विचार करते हुए अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए आज, यानी 21 सितंबर की तारीख तय की है। साथ ही, अदालत ने निर्देश दिया है कि हेमंत सोरेन आज शाम 4:00 बजे तक वर्चुअल या फिजिकल मोड में अदालत के समक्ष पेश हों। उनकी उपस्थिति के बाद ही आगे की न्यायिक प्रक्रिया और आरोप गठन की दिशा में कार्रवाई आगे बढ़ेगी।इस हाई-प्रोफाइल मामले में कुल 17 आरोपी हैं, जिनमें से 16 पर पहले ही आरोप तय किए जा चुके हैं। हाल ही में, शनिवार को इसी मामले के एक अन्य आरोपी राजकुमार पाहन के खिलाफ भी ईडी कोर्ट में आरोप गठित कर दिए गए हैं। इससे पहले पूर्व आईएएस अधिकारी छवि रंजन समेत 15 अन्य आरोपियों पर भी आरोप तय हो चुके हैं। अब इस पूरे प्रकरण में केवल हेमंत सोरेन पर ही आरोप तय किया जाना शेष है, जिस पर आज सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। ईडी की विशेष अदालत में इस मामले की सुनवाई लगातार जारी है। आज शाम होने वाली पेशी के बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया किस दिशा में बढ़ती है।


इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें