JHARKHAND NEWS
रांची में क्रिकेट का महाकुंभ: Ind vs WI टी-20 मुकाबले के लिए टिकट खिड़कियों पर उमड़े दीवाने
झारखंड की राजधानी रांची एक बार फिर क्रिकेट के महासंग्राम का गवाह बनने के लिए पूरी तरह से तैयार है। धुर्वा स्थित JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है.अपने पसंदीदा सितारों को लाइव देखने के लिए फैंस की दीवानगी ऐसी है कि मानों पूरा शहर अभी से जश्न में डूब गया हो!मैच के टिकट पाने की होड़ का आलम यह है कि झारखंड के कोने-कोने और दूर-दराज के जिलों से पहुंचे फैंस बीते रविवार की रात से ही स्टेडियम परिसर के बाहर डटे हुए हैं। हालांकि, सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए रात में लाइन लगने की अनुमति नहीं दी गई।
सोमवार सुबह ठीक 7 बजे दर्शकों को व्यवस्थित तरीके से कतारबद्ध किया गया और निर्धारित समय यानी सुबह 9 बजे से टिकट काउंटर खोल दिए गए। दर्शकों की सहूलियत के लिए स्टेडियम परिसर में कुल 5 काउंटर बनाए गए हैं। साथ ही, पारदर्शिता और भीड़ नियंत्रण के लिए यह नियम बनाया गया है कि एक व्यक्ति को अधिकतम दो ही टिकट दिए जाएंगे।खास बात यह है कि महिलाओं और दिव्यांग दर्शकों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष रूप से अलग काउंटर की व्यवस्था की गई है। सुबह 5 से 6 बजे के बीच ही महिला फैंस की एक बड़ी संख्या कतारों में अपनी बारी का इंतज़ार करती नजर आई।
बता दें कि ऑफलाइन टिकटों की यह बिक्री सिर्फ आज (5 अक्टूबर) और कल (6 अक्टूबर) तक ही जारी रहेगी, इसके बाद काउंटर बंद हो जाएंगे। काउंटर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक खुले हैं।युवाओं में इस मैच को लेकर अलग ही क्रेज है। लाइन में खड़े कई फैंस ने बताया कि वे उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा की विस्फोटक बल्लेबाजी को अपनी आँखों से देखने के लिए घंटों से कतार में खड़े हैं।
जिला प्रशासन और JSCA प्रबंधन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि टिकट वितरण शांतिपूर्ण तरीके से हो सके। तो अगर आप भी इस रोमांचक मुकाबले का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो बिना देर किए अपने टिकट सुरक्षित कर लीजिए।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।