JHARKHAND NEWS
तेजी से झारखंड की ओर बढ़ रहा चक्रवात, 11 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी
चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ को लेकर बड़ी खबर है। इस तूफान ने अपना रास्ता बदल लिया है। पहले यह तूफान ओडिशा के रास्ते छत्तीसगढ़ की ओर पश्चिम दिशा में बढ़ने वाला था, लेकिन अब यह सीधे उत्तर की ओर बढ़ रहा है।चक्रवात के इस बदले हुए रुख का सीधा असर अब झारखंड के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश, तेज हवाएं चलने और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। आज यानी शुक्रवार, 20 नवंबर को झारखंड में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है।
दूसरी ओर, बोकारो, धनबाद, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में वज्रपात, तेज हवा और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।शुक्रवार को कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। गुरुवार देर रात भी रांची समेत राज्के कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे ठंड का अहसास बढ़ सकता है।
मौसम में यह बदलाव सिर्फ आज तक सीमित नहीं रहेगा। पूर्वानुमान के मुताबिक, 21 नवंबर को रांची समेत झारखंड के कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है। कोहरे के बाद दिन में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है।बारिश और तापमान में गिरावट के चलते राज्य में ठंड बढ़ने के आसार हैं, जिसका असर खासकर सुबह और रात के वक्त ज्यादा महसूस होगा। 21 और 22 नवंबर को झारखंड के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 21 नवंबर को दक्षिण-पूर्वी बिहार में कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है। इस दौरान गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। राहत की बात यह है कि 23 नवंबर से झारखंड में मौसम साफ होने की संभावना है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।