Live

JHARKHAND NEWS

करमा पूजा विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा, तालाब में डूबने से पांच बच्चों की मौत

S
Srishtyलेखक

पलामू जिले के चैनपुर प्रखंड के बोकीया-पतरिया खुर्द इलाके में करमा पूजा के बाद करम डाली विसर्जन के दौरान बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया। कोयल नदी से सटे एक तालाब में डूबने से पांच बच्चों की मौत की सूचना है। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा है। पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचकर एक लापता बच्चे की तलाश में जुटे हैं। अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं। बताया जा रहा है कि करमा पूजा के बाद करम डाली विसर्जन के लिए बच्चे तालाब के पास पहुंचे थे। इसी दौरान बच्चे पानी में डूब गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू कराया गया। घटना की वास्तविक परिस्थितियों और बच्चों के तालाब में डूबने के कारणों की जांच की जा रही है।

मृतकों में 8 से 22 वर्ष तक के बच्चे और युवक

मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान नीतीश कुमार सिंह (18 वर्ष), पिता बाबूलाल सिंह; अमित कुमार ठाकुर (22 वर्ष), पिता पुरानी ठाकुर; राजा सिंह (12 वर्ष), पिता संजय सिंह; विशाल पासवान (16 वर्ष), पिता तिलकधारी पासवान और हेमंत कुमार सिंह (8 वर्ष), पिता सुनील सिंह के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

विधायक आलोक चौरसिया ने परिजनों से की मुलाकात

घटना की जानकारी मिलने के बाद डाल्टनगंज-भंडरिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक आलोक चौरसिया पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाया। विधायक ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह हादसा अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस कठिन समय में वे पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़े हैं। विधायक ने सरकार से मृतकों के आश्रित परिवारों को उचित मुआवजा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। फिलहाल पुलिस और बचाव दल की ओर से एक बच्चे की तलाश जारी है। प्रशासनिक स्तर पर घटना की जांच भी की जा रही है।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें