Live

JHARKHAND NEWS

पतरातू में खूनी संघर्ष: चाय पी रहे दो युवकों को लगी गोली, सुरक्षा गार्ड गिरफ्तार

S
Srishtyलेखक

झारखंड के पतरातू से एक बड़ी खबर है। यहाँ पीवीयूएनएल पावर प्लांट के लिए बीएचईएल के अधीन संचालित मटेरियल स्टॉक यार्ड के समीप सुरक्षा गार्ड की फायरिंग में दो युवक घायल हो गए हैं। यह घटना सोमवार देर शाम की है। घायल युवकों की पहचान जयनगर निवासी महताब आलम और जानिसार आलम के रूप में हुई है, जो सड़क किनारे एक होटल में चाय-नाश्ता कर रहे थे। इसी दौरान स्टॉक यार्ड के पास हुई फायरिंग में छर्रे लगने से दोनों घायल हो गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

वहीं, आरोपी सुरक्षा गार्ड वीरेंद्र यादव का दावा है कि स्टॉक यार्ड में 50 से 60 संदिग्ध लोगों के घुसने की सूचना थी। गार्डों का कहना है कि चोरी की नीयत से घुसे लोगों को भगाने के लिए हवाई फायरिंग की गई थी, और उधर से भी चार-पांच राउंड गोलियां चलाई गईं।हालांकि, बड़ा सवाल यह है कि सड़क किनारे चाय पी रहे आम लोग इसकी चपेट में कैसे आ गए? सूचना मिलते ही पतरातू पुलिस मौके पर पहुँची और आरोपी गार्ड वीरेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से बंदूक और कारतूस भी जब्त कर लिए हैं और मंगलवार को उसे जेल भेज दिया गया।

] स्टॉक यार्ड की सुरक्षा की जिम्मेदारी 'मेसर्स मनोज कुमार सिक्योरिटी एजेंसी' के पास है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की गहराई से जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि आखिर किन परिस्थितियों में यह फायरिंग हुई।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें