JHARKHAND NEWS : मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने रांची में नाबार्ड ग्रामीण भारत महोत्सव क्लासिक एक्सपो के चौथे संस्करण का किया शुभारंभ
रांची : राजधानी रांची में नाबार्ड ग्रामीण भारत महोत्सव क्लासिक एक्सपो के चौथे संस्करण का उद्घाटन राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने किया. यह आयोजन 11 से 20 सितंबर तक रांची के होटल रेडिसन ब्लू में किया जा रहा है.
इस मौके पर ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि झारखंड के लिए यह गर्व का विषय है कि इस वर्ष नाबार्ड की ओर से ग्रामीण भारत महोत्सव का आयोजन राजधानी रांची में किया गया है. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह दस दिवसीय महोत्सव झारखंड के अलावा देश के विभिन्न प्रदेशों से आए कारीगरों के लिए एक बेहतरीन प्लेटफॉर्म साबित होगा.
महोत्सव की आयोजनकर्ता नाबार्ड की मुख्य महाप्रबंधक झारखंड, दीपमाला घोष ने बताया कि इस ग्रामीण भारत महोत्सव सह क्लासिक एक्सपो में देश के अट्ठाईस राज्यों के हस्तशिल्पी अपने अपने प्रदेशों की सबसे उम्दा कारीगरी की सौगात लेकर यहां पहुंचे हैं. उन्होंने कहा कि यह आयोजन एक भारत श्रेष्ठ भारत की उत्कृष्ट झलक है, जो झारखंड के लोगों को खूब भायेगा.
ग्रामीण भारत महोत्सव में कश्मीर से कन्याकुमारी तक की सुंदरता एक ही छत के नीचे देखने को मिल रही है. एक किनारे से जहाँ कश्मीर के परंपरागत बुनकरों के हाथों बनी शॉल है, तो महाराष्ट्र के हैंडीक्राफ्ट कारीगरों का कमाल भी है. त्रिपुरा की सुंदरता उनके परिधानों में दिख रही है. वहीं, झारखंड की सोहराय कला दूर से ही अपनी ओर आकर्षित करती हैं. यहां कुछ कारीगर पहली बार आए हैं, तो कुछ का झारखंड से रिश्ता कई वर्षों का है.