JHARKHAND NEWS
संपत्ति के लालच में हैवान बना देवर, घर में घुसकर भाभी और भतीजे पर ताबड़तोड़ वार, गिरफ्तार
बोकारो में संपत्ति विवाद के चलते एक कलयुगी देवर ने अपनी ही भाभी और भतीजे पर भुजाली से जानलेवा हमला कर दिया। इस खौफनाक वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।घटना हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर 9D, स्ट्रीट 36 की है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की अहले सुबह जब सरोज देवी अपने घर का दरवाजा खोलकर झाड़ू लगा रही थीं, तभी आरोपी देवर संतोष प्रसाद जबरन घर में घुस आया। आरोपी ने सबसे पहले अपने भतीजे अमन कुमार पर भुजाली से ताबड़तोड़ कई वार किए। बेटे को बचाने जब मां सरोज देवी आगे आईं, तो बेरहम देवर ने उनके सिर पर भी भुजाली से हमला कर दिया। इस हमले में मां और बेटे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।हैरानी की बात यह है कि परिवार का आपराधिक इतिहास डराने वाला है।
जख्मी महिला के पति और बड़े भाई मिथिलेश प्रसाद का आरोप है कि इसी छोटे भाई ने पहले उनके पिता की भी भुजाली से हत्या कर दी थी और वह पहले भी मिथिलेश पर जानलेवा हमला कर चुका है। डर की वजह से ही मिथिलेश अपना पैतृक घर (चास के यदुवंश नगर) छोड़कर यहां सेक्टर 9D में रहने आए थे। घटना की सूचना मिलते ही हरला थाना पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संतोष प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को भी मामूली चोटें आई थीं, जिसे सदर अस्पताल में इलाज कराया गया। सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने पुष्टि की है कि मामला पूरी तरह से संपत्ति विवाद से जुड़ा हुआ है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।