JHARKHAND NEWS
रांची जिले में 95.17 प्रतिशत मतदाता सत्यापन कार्य पूरा, तमाड़ विधानसभा क्षेत्र सबसे आगे
झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण, यानी SIR का काम तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। इसी कड़ी में रांची जिले में मतदाता सत्यापन का आंकड़ा 95 फ़ीसदी को पार कर चुका है। अब तक जिले में 95.17 फ़ीसदी मतदाताओं का सत्यापन पूरा हो गया है। ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल कुल 19 लाख 79 हजार 987 मतदाताओं में से 18 लाख 84 हजार 249 मतदाताओं का सत्यापन किया जा चुका है।गुरुवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजेत्री की अगुआई में SIR कार्यों की समीक्षा बैठक हुई।
इस बैठक में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी यानी ERO, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी यानी AERO और जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी मौजूद रहे। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि 30 नवंबर तक दावा-आपत्तियों से जुड़े मामलों की सुनवाई हर हाल में पूरी कर ली जाए। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि मतदाता सूची का साफ-सुथरा, पारदर्शी और निष्पक्ष होना लोकतंत्र के लिए सबसे ज़रूरी है।
रांची जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में सत्यापन की रफ़्तार अलग-अलग रही है।
तमाड़ 98.32 फ़ीसदी सत्यापन के साथ पहले स्थान पर है।
सिल्ली 97.35 फ़ीसदी के साथ दूसरे नंबर पर है।
मांडर 97.09 फ़ीसदी के साथ तीसरे स्थान पर बना हुआ है।इसके बाद खिजरी में 95.28 फ़ीसदी और कांके में 95.12 फ़ीसदी सत्यापन हो चुका है। वहीं, हटिया में 92.72 फ़ीसदी और रांची विधानसभा क्षेत्र में 91.99 फ़ीसदी सत्यापन हुआ है, जो जिले में सबसे कम है।उपायुक्त ने बूथ लेवल ऑफिसर यानी BLO को घर-घर जाकर सत्यापन का काम पूरी गंभीरता से करने का निर्देश दिया है, साथ ही अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने को कहा गया है। जिन मतदाताओं ने अभी तक ज़रूरी डॉक्यूमेंट जमा नहीं किए हैं, उनसे संपर्क कर दस्तावेज़ जुटाने की ज़िम्मेदारी BLO सुपरवाइजर को सौंपी गई है। इसके अलावा, जिन मतदान केंद्रों पर नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 कम आए हैं, वहां AERO को खुद जाकर हालात की समीक्षा करने को कहा गया है। सभी मतदान केंद्रों और प्रखंड कार्यालयों में ASDD सूची का प्रकाशन पक्का करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
दूसरी ओर, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रविकुमार ने भी गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि SIR के तहत पात्र मतदाताओं तक पहुंचने के लिए इलेक्शन ऑफिसर घर-घर जाएं और नोटिस के बावजूद डॉक्यूमेंट न देने वाले मतदाताओं से दोबारा संपर्क करें। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि कोई भी योग्य भारतीय नागरिक वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने से न छूटे। फ़ील्ड वेरिफिकेशन में मिले ऐसे नागरिकों को जागरूक कर तय प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरवाया जाए और उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।