JHARKHAND NEWS
SIR 2026 अपडेट,मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का आखिरी मौका, 30 सितंबर के बाद बदलेगी प्रक्रिया
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम हटाने, विवरण में सुधार या नाम स्थानांतरित कराने के लिए अब सिर्फ सात दिन बचे हैे. दावा-आपत्ति की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की गई है. इसके बाद निर्वाचन मशीनरी प्राप्त आवेदनों के डिजिटाइजेशन, जांच, नोटिस जारी करने और सुनवाई की प्रक्रिया में जुटेगी.
ड्राफ्ट सूची में नाम और विवरण की जांच जारी
जिले में ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जांचने का काम लगातार हो रहा है.जिन पात्र नागरिकों का नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं है, वे 30 सितंबर तक फॉर्म-6 और आवश्यक घोषणा पत्र जमा कर सकते हैं. इसके लिए संबंधित बीएलओ की मदद ली जा सकती है. मतदाता सूची में दर्ज नाम या विवरण में सुधार, पता बदलने अथवा निर्धारित प्रक्रिया के तहत नाम स्थानांतरित कराने के लिए फॉर्म-8 जमा किया जा सकता है. वहीं, किसी नाम को लेकर आपत्ति दर्ज करने के लिए फॉर्म-7 का इस्तेमाल किया जा सकता है.
फॉर्म-7 देने से स्वतः नहीं कटेगा नाम
निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी मतदाता के नाम के खिलाफ फॉर्म-7 जमा कर देने मात्र से उसका नाम मतदाता सूची से स्वतः विलोपित नहीं होगा. निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित मामले की जांच की जाएगी और आवश्यकता के अनुसार सुनवाई भी होगी. इसके बाद ही नाम हटाने को लेकर निर्णय लिया जाएगा.
अंतिम तारीख का इंतजार नहीं करने की अपील
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी कुमुद झा ने पात्र नागरिकों से अंतिम तिथि का इंतजार नहीं करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि जिन युवाओं का नाम पहली बार मतदाता सूची में जुड़ना है या जिनका नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं है, वे समय रहते फॉर्म-6 जमा करें. उन्होंने बीएलओ, बीएलए और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी पात्र नागरिकों को आवेदन की प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है.
30 सितंबर के बाद शुरू होगी जांच और सुनवाई
दावा-आपत्ति की अवधि समाप्त होने के बाद प्राप्त आवेदनों का डिजिटाइजेशन किया जाएगा. इसके बाद आवेदनों की जांच होगी. जरूरत के अनुसार नोटिस जारी करने और सुनवाई की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी. इन प्रक्रियाओं के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी. ऐसे में मतदाताओं के लिए अगले सात दिन अपने नाम और विवरण की जांच करने और जरूरत पड़ने पर दावा-आपत्ति दर्ज कराने के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं.
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।