Live

JHARKHAND NEWS

गणेश विसर्जन जुलूस में खूनी संघर्ष: चापड़ से हमला, तीन युवक गंभीर रूप से घायल

S
Srishtyलेखक

झारखंड के जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे पर डांस करने को लेकर उपजा मामूली विवाद दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान जमकर पत्थरबाजी, तोड़फोड़ और चापड़ से हमला हुआ, जिसमें तीन युवक घायल हो गए हैं।जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात काशीडीह लाइन नंबर-13 की गणेश पूजा समिति द्वारा विसर्जन जुलूस निकाला गया था। जुलूस में शामिल युवक डीजे की धुन पर नाच रहे थे, तभी लाइन नंबर-13 और लाइन नंबर-1 के युवकों के बीच किसी बात पर कहासुनी हो गई।

विवाद बढ़ने पर एक पक्ष के युवक ने लौटकर अपने 10 से 15 साथियों को बुला लिया। आरोप है कि हथियार और लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे इन उपद्रवियों ने जुलूस पर हमला कर दिया। इस दौरान जमकर पत्थरबाजी हुई, डीजे वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया और पूजा समिति के एक सदस्य पर चापड़ से जानलेवा हमला किया गया। घटना में घायल तीनों युवकों को तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे टीएमएच (TMH) रेफर कर दिया गया है।घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस और सिटी डीएसपी संजीव कुमार तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और उपद्रवियों को खदेड़ कर स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त डीजे वाहन को जब्त कर लिया है।

तनाव को देखते हुए इलाके में क्यूआरटी (QRT) और भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है, साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च भी निकाला गया है।सिटी डीएसपी संजीव कुमार का कहना है कि माहौल पूरी तरह नियंत्रण में है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें