JHARKHAND NEWS
दो प्रसूताओं और एक नवजात की मौत के बाद जागा प्रशासन, जीवन ज्योति नर्सिंग होम सील
मेदिनीनगर के पांकी रोड स्थित जीवन ज्योति नर्सिंग होम में दो प्रसूताओं और एक नवजात की मौत के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद अस्पताल को सील कर दिया गया। दरअसल, अस्पताल में प्रसव के बाद पाटन की सुमन कुमारी और गढ़वा की पूजा कुमारी की अत्यधिक रक्तस्राव और तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई थी। वहीं, एक नवजात ने भी दम तोड़ दिया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए पलामू उपायुक्त दिलीप सिंह शेखावत के निर्देश पर सिविल सर्जन डॉ. अनिल श्रीवास्तव के नेतृत्व में पांच सदस्यीय जांच टीम गठित की गई थी। जांच में मरीजों की देखभाल के लिए महज एक एएनएम की मौजूदगी समेत कई गंभीर खामियां सामने आईं।
इसके बाद प्रशिक्षु आईएएस ऋतिक मेहता, सदर एसडीओ संजय पांडे और अन्य अधिकारियों की संयुक्त टीम ने अस्पताल पहुंचकर उसे सील कर दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले में दोषी डॉक्टरों और अस्पताल संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि आखिर तीन जिंदगियां जाने के बाद ही प्रशासन की कार्रवाई क्यों हुई? अब देखना होगा कि इस मामले में दोषियों पर कब और कितनी सख्त कार्रवाई होती है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।