JHARKHAND NEWS
सरायकेला में अतिक्रमण पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, आशियाना मोड़ की 40 दुकानें जमींदोज
सरायकेला जिले के आदित्यपुर से आ रही है, जहां अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आदित्यपुर थाना क्षेत्र के आशियाना मोड़ पर बुधवार को प्रशासन का बुलडोजर चला और देखते ही देखते 30 से ज्यादा दुकानों को जमींदोज कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और कई परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। बुधवार को भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। प्रशासन का 'पीला पंजा' जैसे ही दुकानों पर चलना शुरू हुआ, पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से दुकानदारों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कोई अपना सामान समेटता नजर आया, तो कोई प्रशासनिक अधिकारियों के सामने गुहार लगाता दिखा।
इस दौरान गुस्साए दुकानदारों और अधिकारियों के बीच जमकर तीखी नोकझोंक भी हुई। दुकानदारों का आरोप है कि उन्हें अपना सामान हटाने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया, जिससे उनका लाखों का नुकसान हुआ है। वहीं, इस पूरे मामले पर अंचल निरीक्षक यानी सीआई का कहना है कि जिस जमीन पर ये दुकानें लगी थीं, वह पूरी तरह से सरकारी जमीन है। प्रशासन की ओर से सभी दुकानदारों को पहले ही अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किया गया था। लेकिन निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी जब कब्जा नहीं हटाया गया, तो प्रशासन को यह सख्त कदम उठाना पड़ा। फिलहाल, आशियाना मोड़ के आसपास की सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया है और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।