Live

JHARKHAND NEWS

विद्युत आर्किंग से बोकारो स्टील प्लांट की कई इकाइयां प्रभावित, सुबह 8:30 बजे सामान्य हुआ कामकाज

S
Srishtyलेखक

यह खबर झारखंड के बोकारो से है, जहाँ आज सुबह बोकारो स्टील प्लांट यानी बीएसएल (BSL) की बिजली आपूर्ति अचानक बाधित हो गई। इस तकनीकी खराबी के कारण प्लांट की कई प्रमुख इकाइयों का कामकाज कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। हालांकि, तकनीकी टीम की तत्परता से महज दो घंटे के भीतर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया है। घटना आज सुबह करीब 6 बजकर 30 मिनट की है। जानकारी के मुताबिक, बोकारो पावर सप्लाई कंपनी लिमिटेड (BPSCL) के थर्मल पावर प्लांट (TPP) स्थित 11 केवी क्यूबिकल-82 में अचानक तकनीकी खराबी आई। यहाँ फ्लैशओवर और विद्युत आर्किंग की घटना हुई, जिसके चलते बिजली की सप्लाई ट्रिप कर गई।

इस अचानक हुई पावर कट का सीधा असर प्लांट के उत्पादन पर पड़ा। ब्लास्ट फर्नेस समेत प्लांट की कई अन्य महत्वपूर्ण इकाइयों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई,जिससे कुछ देर के लिए परिचालन रुक गया।

घटना की सूचना मिलते ही बीपीएससीएल और बीएसएल की तकनीकी टीम हरकत में आई और युद्धस्तर पर मरम्मत का काम शुरू किया गया। इंजीनियरों की मेहनत रंग लाई और सुबह 8 बजकर 30 मिनट तक ब्लास्ट फर्नेस का परिचालन फिर से सामान्य कर लिया गया। इसके साथ ही,सभी प्रभावित शॉप्स को भी बिजली आपूर्ति का क्लीयरेंस दे दिया गया।

राहत की बात यह रही कि प्लांट का 'हॉट स्ट्रिप मिल' पहले से ही निर्धारित शटडाउन पर था, जिससे इस पावर कट का उस पर कोई अतिरिक्त असर नहीं पड़ा।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें