JHARKHAND NEWS
झारखंड हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, 25 साल से कार्यरत दैनिक वेतनभोगी चालक की सेवा होगी नियमित
संविदा या अस्थायी कर्मियों के नियमितीकरण से जुड़ा एक अहम फैसला झारखंड हाईकोर्ट से सामने आया है। जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने बोकारो के बेला पद बाउरी की सेवा नियमित करने का आदेश दिया है।अदालत ने यह निर्देश 12 सप्ताह के भीतर लागू करने को कहा है। साथ ही, हाईकोर्ट ने 13 मार्च 2020 को पारित उस पुराने आदेश को भी रद्द कर दिया है, जिसमें बेला पद बाउरी की नियमितीकरण की मांग को खारिज कर दिया गया था।इस पूरे मामले की पृष्ठभूमि पर नज़र डालें तो वर्ष 2017 में बोकारो उपायुक्त की ओर से एक नियमितीकरण पैनल तैयार किया गया था। इस सूची में बेला पद बाउरी का नाम तीसरे स्थान पर दर्ज था।
पैनल में नाम होने के बावजूद नियमितीकरण को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही थी और पहले का आदेश उनके पक्ष में नहीं था। इसी वजह से मामला न्यायिक समीक्षा के दायरे में आया और हाईकोर्ट में सुनवाई हुई।सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से यह दलील दी गयी कि बेला पद बाउरी की नियुक्ति सक्षम प्राधिकार ने नहीं, बल्कि बीडीओ यानी प्रखंड विकास पदाधिकारी ने की थी।सरकार के इसी तर्क के आधार पर नियुक्ति की वैधता और नियमितीकरण पर सवाल खड़े किए गए थे। लेकिन अदालत ने मामले की सुनवाई के बाद पिछला खारिजी आदेश रद्द करते हुए नियमितीकरण का रास्ता साफ कर दिया।अदालत ने स्पष्ट रूप से राज्य सरकार और जिला प्रशासन को सेवा नियमितीकरण का औपचारिक आदेश जारी करने का निर्देश दिया है। इसके लिए 12 सप्ताह की समय-सीमा तय की गयी है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।