JHARKHAND NEWS
विशेष सत्र की तैयारी: मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और विधायकों के साथ की ऑनलाइन बैठक, तय हुई सत्ता पक्ष की रणनीति
झारखंड की राजनीति में 25 और 26 नवंबर को होने वाले विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र को लेकर सरगर्मियां तेज़ हो गई हैं। इस सत्र से ठीक पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास से सत्ता पक्ष के मंत्रियों और विधायकों के साथ एक उच्च-स्तरीय वर्चुअल बैठक की.इस बैठक का मुख्य फोकस आगामी विशेष सत्र में MMDR और SIR जैसे संवेदनशील और अहम मुद्दों पर रहा। बैठक में राज्य में चल रही मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को सदन में उठाने पर मंथन हुआ।झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने भी इस मुद्दे पर चिंता जताई। उनका कहना है कि इस प्रक्रिया के तहत बड़ी संख्या में मतदाताओं को नोटिस भेजे गए हैं और कई मामलों की सुनवाई बाकी है। सत्ता पक्ष को आशंका है कि जल्दबाजी में होने वाली इस प्रक्रिया से आम लोगों, खासकर वंचित और आदिवासी वर्गों के मताधिकार पर असर पड़ सकता है। इसलिए समय-सीमा बढ़ाने और प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग पर ज़ोर दिया गया।
विशेष सत्र में एक बार फिर ‘जल, जंगल और जमीन’ के साथ खनिज संपदा पर राज्य के अधिकार का सवाल गूंजेगा। केंद्र सरकार के खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 यानी MMDR के खिलाफ जेएमएम, कांग्रेस, राजद और वाम दल एकजुट नज़र आ रहे हैं।बैठक में विधायकों और मंत्रियों ने कहा कि यह नया कानून झारखंड के संवैधानिक और वित्तीय हितों पर सीधा असर डाल सकता है। सत्ताधारी दलों की बड़ी आपत्ति उन प्रावधानों को लेकर है, जो खनिज युक्त ज़मीन पर सेस यानी उपकर लगाने के राज्य के अधिकार को सीमित कर सकते हैं। के. राजू ने चेतावनी दी कि इससे राज्य को सालाना हजारों करोड़ रुपये का राजस्व नुकसान हो सकता है, जिससे जनकल्याणकारी और विकास योजनाओं पर दबाव पड़ेगा। सत्ता पक्ष का रुख है कि खनिज और ज़मीन पर राज्य का अधिकार सुरक्षित रहना चाहिए।वर्चुअल संवाद के दौरान विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति और जमीनी भावनाओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। इसी फीडबैक के आधार पर सदन के भीतर बहस और फ्लोर मैनेजमेंट की रूपरेखा तय की गई। मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों और मंत्रियों को पूरी तैयारी के साथ सदन में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।