JHARKHAND NEWS
देवघर सदर अस्पताल में विश्व रोगाणुरोधी जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ, एंटीबायोटिक के गलत इस्तेमाल पर चेताया
विश्व रोगाणुरोधी जागरूकता सप्ताह (World AMR Awareness Week) के अवसर पर 18 से 24 नवंबर 2026 तक आयोजित सप्ताहव्यापी कार्यक्रम का शुभारंभ सदर अस्पताल, देवघर के सभागार में सिविल सर्जन डॉ. एस. पी. मिश्रा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर रोगाणुरोधी प्रतिरोध (Antimicrobial Resistance-AMR) के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं इसके दुष्प्रभावों की रोकथाम को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. एस. पी. मिश्रा ने कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक एवं गलत इस्तेमाल भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बन सकता है। बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन नहीं करना चाहिए। चिकित्सक द्वारा निर्धारित दवाओं का सही मात्रा एवं निर्धारित अवधि तक सेवन करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि रोगाणुरोधी प्रतिरोध की रोकथाम के लिए स्वास्थ्यकर्मियों के साथ-साथ आम नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है।इस वर्ष जागरूकता अभियान का संदेश "एक स्वास्थ्य, एक संकल्प – ए.एम.आर. की रोकथाम आज ही करें" है। इसके तहत मानव स्वास्थ्य, पशु स्वास्थ्य एवं पर्यावरण के परस्पर संबंधों को ध्यान में रखते हुए एएमआर की रोकथाम पर बल दिया जा रहा है।कार्यशाला में एंटीबायोटिक दवाओं का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं हाथों की सफाई अपनाने, संक्रमण की रोकथाम, पशुओं की उचित देखभाल तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने पर चर्चा की गई। साथ ही स्वास्थ्य संस्थानों में संक्रमण नियंत्रण एवं एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई गई।कार्यशाला के माध्यम से आम लोगों से अपील की गई कि बिना चिकित्सकीय परामर्श के एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन न करें, स्वच्छता का पालन करें तथा संक्रमण से बचाव के उपाय अपनाएं। सामूहिक प्रयासों से ही रोगाणुरोधी प्रतिरोध की बढ़ती चुनौती पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।