JHARKHAND NEWS
झारखंड में एससी मोर्चा को मजबूत करने के लिए अपनी पूरी ऊर्जा झोंक दूंगा - रंजय भारती
रांची: भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रंजय भारती का कार्यभार ग्रहण सह अभिनंदन समारोह प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय,प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा एवं अमर कुमार बाउरी,अनुसूचित जाति मोर्चा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष किशुन दास सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ. उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन करते हुए उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं.
प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने पदग्रहण समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि संगठन में पद केवल प्रतिष्ठा नहीं होता है बल्कि यह एक दायित्व है. उन्होंने संगठन के सभी नए एवं पुराने कार्यकर्ताओं का समन्वय बनाकर साथ लेकर चलने का सुझाव दिया. उन्होंने मोर्चा के कार्यकताओं से आग्रह करते हुए कहा कि2029चुनाव को लक्ष्य बनाकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने के लिए अनुसूचित जाति के लोगों को संगठन से जोड़ने की जरूरत है.
प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्र ने कहा कि केंद्र सरकार की अनुसूचित जाति के लिए लागू किये गए सभी योजनाओं की जानकारी समाज के लोगों को दें. तथा इसका लाभ उठाने में समाज की मदद करें.
प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी ने कहा कि अनुसूचित जाति मोर्चा नहीं बल्कि एक परिवार है और इसे सशक्त और मजबूत बनाना हम सबका दायित्व है. उन्होंने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष से आग्रह करते हुए कहा कि आपके नेतृत्व में यह मोर्चा समाज के हर परिवार के साथ सुख और दुख में खड़ा रहना चाहिए. तभी यह समाज आपके साथ जुड़ेगा.
निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष किशुन दास ने कहा कि उनके कार्यकाल में अनुसूचित जाति मोर्चा के संगठन का विस्तार गांव तक मजबूती के साथ किया गया. उन्होंने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष को हर कदम पर मदद करने का भरोसा दिया.
झारखंड भाजपा अनुसुचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रंजय भारती ने केंद्र और राज्य के नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जहां एक छोटा से छोटा कार्यकर्ता भी बड़ा से बड़ा पद ग्रहण कर सकता है. पार्टी ने मुझ जैसे एक छोटे गांव से निकले अदना कार्यकर्ता को अनुसूचित जाति मोर्चा के संगठन को पूरे राज्य में संभालने की महत्ती जिम्मेदारी दी है. मैं अपनी तरफ से मोर्चा को मजबूत करने की दिशा में कोई कोर कसर नहीं छोडूंगा और अपनी पूरी ऊर्जा झोंक दूंगा.
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के आदर्शों को मानते हुए अनुसूचित जाति के लिए अनेक कार्य किये हैं. पीएम मोदी ने भीमराव अंबेडकर से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों जन्मभूमि महू,शिक्षा भूमि लंदन,महापरिनिर्वाण स्थल दिल्ली,दीक्षा भूमि नागपुर और चैत्य भूमि मुंबई को'पंचतीर्थ'के रूप में विकसित किया है. स्टैंड-अप इंडिया (Stand-Up India)योजना के तहत एससी/एसटी उद्यमियों को बैंक ऋण उपलब्ध कराए जा रहे हैं ताकि वे बिजनेस शुरू कर सकें. इसके अलावा छात्रों के लिए छात्रवृत्ति योजनाओं का दायरा बढ़ाया गया है. केंद्र की सरकार ने संसद और विभिन्न मंचों पर हमेशा यह स्पष्ट किया है कि एससी,एसटी और ओबीसी आरक्षण के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं होगी और यह पूरी तरह सुरक्षित है. उन्होंने अनुसूचित जाति समाज की तरफ से नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया और भरोसा दिलाया कि आगामी2029की लोकसभा और विधानसभा की चुनाव में झारखंड अनुसूचित जाति परिवार का एक एक सदस्य भाजपा को वोट करेगा.
आज के पदग्रहण कार्यक्रम का संचालन प्रभात भुइयां ने तथा धन्यवाद ज्ञापन विशाल बाल्मीकि ने किया.
कार्यक्रम में मुख्य रूप से ब्रज मोहन राम,नीरज पासवान,भगत बाल्मीकि,राजेन्द्र पासवान,राकेश राम,रंजन पासवान,कमलेश दास,सूरज दास,विशाल बाल्मीकि,सीमा पासवान,शंकर रजक,संदीप कुमार,रंजीत विनोद,राम लगन,उपेंद्र रजक,सुरेंद्र राजवंशी,समीर बाउरी सहित अनुसूचित जाति मोर्चा एवं पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
रांची से संदीप यादव की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।