झारखंड में भी चक्रवात मिचौंग का असर
राज्य के कई जिलों में आज से 7 दिसंबर तक बारिश की संभावना
रांची : झारखंड में भी मिचौंग चक्रवात का असर दिखने लगा है. राजधानी रांची समेत कई इलाकों में आज से 7 दिसंबर तक बारिश हो सकती है. आज सुबह राजधानी रांची के कई जगहों पर बूंदाबांदी भी हुई.
जानकारी के अनुसार मिचौंग चक्रवात सोमवार की शाम चेन्नई और मछलीपट्टनम के बीच दक्षिण आंध्र प्रदेश और इसके आसपास के उत्तरी तमिलनाडु तटों को पार कर गया. अब इसका असर झारखंड में भी दिखने लगा है. बंगाल की खाड़ी के ऊपर गहरा दबाव क्षेत्र चक्रवाती तूफान मिचौंग में बदल गया है. आज रांची, गुमला, बोकारो, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां के कुछ स्थानों पर बारिश की उम्मीद है.
मौसम विभाग के अनुसार 6 और 7 दिसंबर को पूरे राज्य में बादल छाये रहेंगे और बारिश होने की संभावना है. दिन के तापमान में गिरावट होगी. लेकिन न्यूनतम तापमान बढ़ेगा. ऐसी स्थिति 8 दिसंबर तक बनी रहेगी. 9 दिसंबर से आसमान साफ होगा. न्यूनतम तापमान में गिरावट होनी शुरु होगी और ठंड बढ़ेगी. सोमवार को बादल छाने की वजह से दिन के तापमान में 1 डिग्री की गिरावट आई.
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।