झारखंड के राज्यपाल बोले : नशा केवल आदत नहीं, भविष्य पर गहरा प्रतिकूल प्रभाव डालने वाली गंभीर सामाजिक समस्या
रांची : राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने बुधवार को लोक भवन,राँची में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय,राँची द्वारा संचालित "दस करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान" के अंतर्गत आयोजित नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम में शामिल हुए. कार्यक्रम में कई विश्वविद्यालय के कुलपति भी शामिल हुए.
राज्यपाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल किसी व्यक्ति की आदत नहीं,बल्कि उसके स्वास्थ्य,परिवार,सामाजिक जीवन एवं भविष्य पर गहरा प्रतिकूल प्रभाव डालने वाली गंभीर सामाजिक समस्या है. उन्होंने कहा कि विशेष रूप से युवाओं को नशे एवं ड्रग्स जैसी घातक प्रवृत्तियों से दूर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय विगत कई दशकों से आध्यात्मिक जागरण,नैतिक मूल्यों के संवर्धन,मानसिक शांति तथा राजयोग के माध्यम से व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है. उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में संस्थान द्वारा संचालित "दस करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान" अत्यंत सराहनीय एवं समयानुकूल पहल है.
राज्यपाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति संयम,आत्मानुशासन एवं सात्विक जीवन का संदेश देती है. जब व्यक्ति अपने मन पर नियंत्रण स्थापित करता है,तब वह किसी भी प्रकार के व्यसन से स्वयं को मुक्त रख सकता है. उन्होंने कहा कि ध्यान,योग एवं सकारात्मक चिंतन व्यक्ति के भीतर आत्मविश्वास,इच्छाशक्ति तथा जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण का विकास करते हैं और स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं.