JHARKHAND NEWS
झारखंड के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती दिवस पर बापू वाटिका में दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
रांची : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती दिवस के पावन अवसर पर शुक्रवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका पहुंचकर राष्ट्रपिता की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की.
इस गरिमामयी मौके पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि आज का ये शुभ अवसर भारत के इतिहास का एक ऐसा दिन है कि जब तक ये देश रहेगा इस दिन को कभी भुलाया नहीं जा सकता है. उन्होंने कहा कि आज देश के दो महान विभूतियों का जयंती दिवस है. हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हम सभी लोग यहां एकत्रित होकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का दुनिया में एक अलग इतिहास रहा है, जहां ऐसे महान विभूतियों ने जन्म लेकर इस देश का मार्गदर्शन किया. आज उनके आदर्शों को कंधे में लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं. हमें गर्व है कि ऐसे महान विभूति हमारे बीच रहे और हमेशा वे हमारे दिल में रहेंगे. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने संदेश में कहा कि बापू के विचार और उनका जीवन दर्शन युगों-युगों तक मानवता का मार्गदर्शन करता रहेगा. राज्य सरकार बापू के सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण और सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा के साथ संकल्पित है.
इस अवसर पर सांसद संजय सेठ, राज्य सभा सांसद महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन सहित अन्य गणमान्य अतिथिगण, प्रशासनिक अधिकारियों ने भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन किया. इस दौरान संपूर्ण परिसर बापू के प्रिय भजनों और देशभक्ति के गीतों से गुंजायमान रहा.
रांची से संदीप यादव की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।