Live

मोहब्बत की दुकान के काउंटर से मिले करोड़ों रुपये

झारखण्ड बीजेपी प्रभारी का तंज, कहा : कांग्रेस की चुप्पी सबकुछ कर रही बयां

P
Prasoon Pandeyलेखक

RANCHI :झारखण्ड बीजेपी के प्रदेश प्रभारी डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने आज कांग्रेस पार्टी पर बड़ा निशाना साधा है। डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी आज एक दिवसीय प्रवास पर रांची आए, जहां उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू के विभिन्न ठिकानों से लगातार बरामद हो रहे करोड़ों रुपये कांग्रेस की मोहब्बत की दुकान के काउंटर से मिलने वाले पैसे हैं।

मोहब्बत की दुकान के काउंटर से मिल रहे करोड़ों रुपये

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की चुप्पी यह साबित कर रही है कि ये पैसे उनके हैं, उनकी सरकारों के हैं, उन्ही के नेताओं के हैं। ये जनता की गाढ़ी कमाई के लूटे हुए पैसे हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त भारत मोदी की गारंटी है। जांच एजेंसियां अपना काम कर रही है। सारा दूध का दूध पानी का पानी साफ हो जाएगा।

पीएम मोदी है विश्वास के जेनरेटर

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी विश्वास के जेनरेटर हैं। जनता मोदी जी पर विश्वास करती है। इसके साथ ही लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि विचारों के साथ मां भारती की सेवा के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं का अथक परिश्रम और चमत्कारिक नेतृत्व यही भाजपा की ताकत है।

झारखण्ड प्रदेश प्रभारी ने कहा कि तीन राज्यों के चुनाव परिणाम ने मोदी की गारंटी पर भरोसा किया है। देश में कोई दूसरी गारंटी पर भरोसा नहीं। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में जनता तीसरी बार मोदी सरकार के लिए संकल्पित है।

झारखंड के हालात पर बोलते हुए कहा कि हेमंत सरकार ने झारखंड को चौतरफा नुकसान किया है। जल-जंगल-जमीन को लूटा और लुटवाया। युवाओं को धोखा दिया। किसानों को निराश किया। उन्होंने कहा कि विधि व्यवस्था ध्वस्त है। अपराधी बेलगाम हैं।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की स्थिति भयावह है। लव जिहाद, धर्मांतरण चरम पर है। बांग्लादेशी घुसपैठियों से प्रदेश की डेमोग्राफी बदल गई। आदिवासी समाज के स्वयंभू शुभ चिंतक बनने वाले आदिवासियों का सबसे बड़ा अहित किया है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा नेतृत्व में मजबूत सरकार बनेगी।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें