Hindi News / हेमन्त सोरेन बोले- हर योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में जुड़वाएं, त्रुटियों...

झामुमो का SIR पर विस्तृत प्रशिक्षण कार्यक्रम : हेमन्त सोरेन बोले- हर योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में जुड़वाएं, त्रुटियों को कराएं ठीक

Edited By:  |
Reported By:
jhamumo ka sir per vistrit prashikshan karyakram

रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने बुधवार को दूसरे दिन पार्टी के 12 जिलों के पदाधिकारियों, माननीय सांसदों-विधायकों के साथ SIR (मतदाता सूची पुनरीक्षण) पर विस्तृत प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया. कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास पर हुई बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और आगामी जनगणना जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई. झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बैठक की अध्यक्षता की और पार्टी के सभी साथियों से आग्रह करते हुए कहा कि हर योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में जुड़वाएं, त्रुटियों को ठीक कराएं और किसी भी पात्र मतदाता को छूटने न दें. यह सिर्फ प्रक्रिया नहीं, आपके लोकतांत्रिक अधिकार की रक्षा है. जागरूक बनें, भागीदारी बढ़ाएं. एक भी वोटर छूटे नहीं.

बैठक के दौरान देश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर गहन चिंतन किया गया. बिहार, बंगाल सहित विभिन्न राज्यों में हुए एसआईआर को मद्देननजर रखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संगठन को बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक मजबूत करने और एसआईआर से उत्पन्न हर परिस्थिति के लिए हर एक कार्यकर्ता को तैयार रहने का निर्देश दिया.

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा वर्तमान राजनीतिक परिवेश में संगठन की जिम्मेदारी और अधिक अहम हो गई है. उन्होंने बूथ,पंचायत,प्रखंड और जिला स्तर पर पार्टी ढांचे को और सशक्त बनाने का निर्देश दिया,ताकि पार्टी हर स्तर पर प्रभावी भूमिका निभा सके. नगर और महानगर कमेटियों को भी और सक्रिय तथा धारदार बनाने पर बल दिया गया.

बैठक के दौरान झामुमो पदाधिकारियों ने एसआईआर के पीछे भाजपा की नीयत और नीति पर संदेह खड़ा किया. भारतीय जनता पार्टी एसआईआर की आड़ में आदिवासी,मूलवासी,पिछड़े और वंचित समाज से मताधिकार छीनकर उनको उपलब्ध राशन कार्ड,पेंशन जैसे महत्वपूर्ण अधिकारों से भी वंचित करने का षड्यंत्र रच रही है. यह अब स्पष्ट नजर आ रहा है. बैठक के दौरान एक स्वर में कहा गया कि झामुमो का हर कर्मठ सिपाही जनहित और संगठन की मजबूती के लिए पूरी तत्परता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने को तैयार है.

बैठक झामुमो के अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई. संचालन झामुमो महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने किया. बैठक में रांची, धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, हज़ारीबाग, रामगढ, कोडरमा, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार एवं पूर्वी सिंहभूम जिला समिति के चुनिंदा पदाधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान झामुमो उपाध्यक्ष मथुरा प्रसाद महतो, बैद्यनाथ राम, महासचिव विनोद कुमार पांडेय, फागु बेसरा, सुप्रियो भट्टाचार्य, सचिव नन्द किशोर मेहता, अभिषेक प्रसाद 'पिंटू', प्रवक्ता योगेंद्र प्रसाद, कल्पना सोरेन, मंगल कालिंदी, विकास मुंडा, समीर मोहंती, उमाकांत रजक, अनंत प्रताप देव, सोमेश चंद्र सोरेन,कुणाल षाड़ंगी सहित कई गणमान्य पदाधिकारी एवं नेता गण उपस्थित हुए.