PM मोदी के वार के बाद बौखलायी JDU
BJP पर आरोपों की लगा दी झड़ी, कहा : शर्म नहीं आती क्या? अपना दिन भूल गए
PATNA : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा बगैर नाम लिए किए गये सीधे प्रहार के बाद अब जेडीयू ने भी मोर्चा खोल दिया है और पलटवार किया है। जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार भड़क गये और भाजपा पर निशाना साधा।
पीएम के पुराने बयानों को लेकर जेडीयू ने घेरा
बीजेपी पर सीधा प्रहार करते हुए जेडीयू प्रवक्ता ने पीएम मोदी के पुराने बयानों को याद किया और कहा कि साल 2012 में चुनावी रैली में दिए गये बयान को आप भूल गये, जब कांग्रेस नेता शशि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर को 50 करोड़ की गर्लफ्रेंड बताया था।
"बीजेपी नेताओं को आनी चाहिए शर्म"
इसके साथ ही जेडीयू प्रवक्ता ने कहा कि सबसे ज्यादा भाजपा ने महिलाओं का अपमान करने का काम किया है, लेकिन वे अपना दिन भूल गए। शर्म आनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह, कैलाश विजय वर्गीय, दिवगंत विधायक राजकिशोर केसरी तक को नहीं छोड़ा।
बृजभूषण शरण सिंह का उठाया मुद्दा
इसके साथ ही जेडीयू प्रवक्ता ने यूपी के कैसरगंज से सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह का मुद्दा उठाया और कहा कि महिला पहलवानों ने उनपर यौन उत्पीड़न और मनमाना करने का आरोप लगाया था। इसपर जेडीयू प्रवक्ता ने कहा कि सांसद पर लगे आरोपों के बावजूद भी बीजेपी द्वारा कोई एक्शन नहीं लिया गया और न ही प्रधानमंत्री के तरफ से कोई बयान सामने आया था।
कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर घेरा
इसके साथ ही जेडीयू प्रवक्ता ने बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय के पुराने बयानों की याद दिलायी, जिसमें बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय ने महिला को शूर्पणखा कहा था। दरअसल, अप्रैल 2023 में एक जैन समाज के कार्यक्रम में उन्होंने महिलाओं को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने मंच से कहा था कि 'हम महिलाओं को देवी मानते हैं लेकिन उनमें देवी स्वरूप दिखता ही नहीं है। लड़कियां इंतने गंदे कपड़े पहनकर निकलती है तो शूर्पणखा दिखती हैं।
दिवंगत BJP विधायक राजकिशोर केसरी का किया जिक्र
इसके साथ ही जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने दिवंगत बीजेपी विधायक राजकिशोर केसरी का जिक्र किया और बताया कि भाजपा विधायक राजकिशोर केसरी की एक महिला ने घर में घुसकर हत्या कर दी थी। पूर्णिया से निवर्तमान विधायक राजकिशोर पर एक लड़की के साथ यौन शोषण का आरोप लगा था। पीड़िता की मां ने थाने में विधायक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिसके बाद थक हारकर पीड़िता की मां ने बदला लेने के लिए 4 जनवरी 2011 को विधायक की चाकू गोदकर हत्या कर दी थी।
गौरतलब है कि नीतीश कुमार के आपत्तिजनक बयान के बाद बुधवार को मध्यप्रदेश के गुना में एक सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने तीखा प्रहार किया था और कहा था कि क्या ऐसे नेता माताओं और बहनों का भला कर सकते हैं?
बगैर नाम लिए नीतीश पर सीधा प्रहार
सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने नीतीश कुमार का बगैर नाम लिए कहा कि जो इंडी अलायंस का झंडा लेकर घूम रहे हैं, जो देश की मौजूदा सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए भांति-भांति के खेल कर रहे हैं, उन्होंने विधानसभा के अंदर जिस सभा में माताएं-बहनें भी बैठी थी, कोई कल्पना भी नहीं कर सकता है ऐसी भाषा। शर्म नहीं है उनको।
'कैसा दुर्भाग्य आ गया है इस देश का?'
इसके साथ ही पीएम मोदी ने I.N.D.I.A अलायंस के मुख्य घटक दल कंग्रेस समेत अन्य दलों की चुप्पी पर भी निशाना साधा और कहा कि महिलाओं के अपमान पर एक शब्द नहीं कहा गया। पीएम ने कहा कि इंडी अलायंस का एक भी नेता माताओं और बहनों के भयंकर अपमान के खिलाफ एक शब्द बोलने को तैयार नहीं है। जो माता-बहनों के प्रति ये दृष्टिकोण रखता है, वे क्या आपका भला कर सकते हैं, आपकी इज्जत बचा सकते हैं? कैसा दुर्भाग्य आ गया है इस देश का? कितने नीचे गिरोगे?
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने कहा कि वह महिलाओं के सम्मान में कभी पीछे नहीं हटेंगे।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।