जमुई में लड़की से बदसलूकी मामला
वायरल वीडियो पर पुलिस का बड़ा एक्शन,3 आरोपी गिरफ्तार,ADG सुहिता अनुपम ने दी जानकारी
जमुई:जिले में लड़की और युवक के साथ बदसलूकी के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी जमुई से ही हुई है। एडीजी सुहिता अनुपम ने आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिथिलेश कुमार, प्रमोद कुमार और गोलू कुमार के रूप में हुई है। तीनों जमुई जिले के मरवा गांव के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार उनकी उम्र करीब 25 से 26 वर्ष के बीच है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
दरअसल, 19 सितंबर की शाम जमुई में एक नाबालिग लड़की और युवक के साथ सड़क पर बदसलूकी का मामला सामने आया था। जानकारी के अनुसार दोनों स्कूटी से जा रहे थे, तभी कुछ युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। इसके बाद दोनों को घेरकर उनके साथ अभद्रता और मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की। जांच के बाद तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले में अन्य संभावित आरोपियों और घटना से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है।
वहीं, वायरल वीडियो का संज्ञान राज्य महिला आयोग ने भी लिया था। आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने मामले में सख्त कार्रवाई की बात कही थी। आयोग की टीम द्वारा पीड़िता से मिलने की बात भी कही गई थी। अब तीन गिरफ्तारियों के बाद पुलिस की जांच आगे बढ़ रही है।
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।