जमुई में बन रहे 48 लाख के स्पीलवे : निर्माण कार्य में ठेकेदार और विभाग की मिलीभगत से मची लूट,पदाधिकारी बने मूकदर्शक
जमुई: जिले के गिद्धौर प्रखंड अंतर्गत सेवा पंचायत के राजा सागर आहार में 48 लाख की लागत से बन रहे स्पीलवे पक्कीकरण निर्माण में बड़े पैमाने पर धांधली सामने आई है. ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में घटिया किस्म की ईंट और बालू का उपयोग किया जा रहा है. यहां तक कि गंदे नाले का पानी इस्तेमाल किया जा रहा है.
ग्रामीण गजानंद यादव ने बताया कि उन्होंने इस घटिया निर्माण की सूचना लघु जल संसाधन विभाग के SDO को दी थी, लेकिन शिकायत के बाद भी अब तक कोई जांच या कार्रवाई नहीं हुई है. पदाधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं.
घटिया निर्माण के खिलाफ ग्रामीण सुरेश यादव, बसंत पंडित, शेखर साव, रंजीत साव, सुबोध दास, कमल पंडित, लक्ष्मण पंडित, गिरधारी पंडित, परमेश्वर पंडित, दामोदर पासवान समेत दर्जनों ग्रामीणों ने विरोध जताया है. सेवा पंचायत के सरपंच सुबोध भगत ने भी मौके पर पहुंचकर गलत ढंग से हो रहे कार्य का विरोध किया.
ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार और विभाग की मिलीभगत से 48 लाख की योजना में लूट खसोट मची है. घटिया सामग्री से बना स्पीलवे इस बार के बरसात में भी नहीं टिक पाएगा. सरकारी पैसे की बर्बादी हो रही है.