Weather Alert : बिहार के इन 8 जिलों में होगी बारिश, मौसम विभाग का अलर्ट, फिर बदलेगा मौसम का मिजाज

PATNA : बिहार में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के उत्तरी भागों में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से मौसम में बड़ा असर देखने को मिलेगा। 24 अक्टूबर तक ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तट पर इसके आने की संभावना है। इसके कारण प्रदेश के मौसम में बदलाव की संभावना है। दीपावली के पूर्व 24-27 अक्टूबर तक प्रदेश के अधिसंख्य भागों में वर्षा के आसार जताए गए हैं।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 24 अक्टूबर को पटना सहित सभी जिलों में 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया। कुछ जगहों पर हल्की वर्षा की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान पटना सहित अधिसंख्य भागों में बादलों की आवाजाही बने होने के साथ प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा।
इन जिलों में होगी बारिश
उत्तर पूर्व भाग के किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार और दक्षिण पूर्व भागों के भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया के एक या दो स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना है। राज्य के 13 जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जबकि 35.4 डिग्री सेल्सियस के साथ खगड़िया में सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया।