BREAKING NEWS
INDIA ब्लॉक की रैली पर झारखंड में सियासी घमासान, JMM ने दी केंद्र को चेतावनी तो BJP ने आंदोलन पर उठाए सवाल
नई दिल्ली/रांची: दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित INDIA ब्लॉक की रैली को लेकर झारखंड की राजनीति भी गरमा गई है। रैली के मुद्दे पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) आमने-सामने आ गए हैं। JMM ने जहां इस रैली को केंद्र सरकार के खिलाफ लोकतांत्रिक चेतावनी बताया है, वहीं भाजपा ने विपक्ष के आंदोलन को अराजकता फैलाने की कोशिश करार दिया है।
JMMबोला- केंद्र सरकार को दी जाएगी कड़ी चेतावनी
झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रवक्ता मनोज पांडे ने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित रैली के माध्यम से INDIA ब्लॉक के नेता केंद्र की मोदी सरकार को कड़ी चेतावनी देंगे। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त गणेश कुमार गुप्ता को पद से हटाने और SIR प्रक्रिया को निष्पक्ष तरीके से लागू करने की मांग उठाई। मनोज पांडे ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस मुद्दे पर अपनी जिद पर अड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार विपक्ष की मांगों को नजरअंदाज करती रही तो आने वाले समय में उसे इसका राजनीतिक खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।
BJPका पलटवार- लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास नहीं करता INDIAब्लॉक
दूसरी ओर भाजपा प्रवक्ता दीनदयाल बरनवाल ने INDIA ब्लॉक की रैली पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास नहीं करते हैं और इसी वजह से दिल्ली में रैली कर चुनी हुई सरकार के खिलाफ अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि केंद्र सरकार विपक्ष के इस आंदोलन के दबाव में पीछे हटने वाली नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि आम जनता भी INDIA ब्लॉक के इस आंदोलन को स्वीकार नहीं करेगी।
झारखंड में भी तेज हुई सियासी बयानबाजी
दिल्ली में INDIA ब्लॉक की रैली के बीच झारखंड में भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। एक तरफ JMM केंद्र सरकार और SIR प्रक्रिया को लेकर सवाल उठा रहा है, तो दूसरी तरफ भाजपा विपक्ष की मंशा पर सवाल खड़े कर रही है। अब देखना होगा कि दिल्ली की इस रैली का राष्ट्रीय राजनीति के साथ-साथ झारखंड की सियासत पर क्या असर पड़ता है।
रांची से राजीव मोहन की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।