ज़हरीले शराब का कारोबार और कितनों की जान लेगा?
थानेदार-चौकीदार का निलंबन और हो गई कार्रवाई !
जिस बिहार में शराबबंदी है, वहां ज़हरीली शराब पीने के बाद समस्तीपुर के नौतन में नौजवान बेटे की मौत के बाद एक बूढ़ा पिता सवाल पूछ रहा है। सवाल कि आखिर उसके दोनो पोते-पोती का भरण पोषण कौन करेगा। ऐसे ना जाने कितने सवाल करीब 40 से ज्यादा परिवार के बच्चे, बूढ़े, महिलाएं सरकार से पूछ रहे हैं , जिनके घर के सदस्य पिछले 15 दिनों में ज़हरीले जाम के शिकार बन गए। बेतिया में अब तक 14 की मौत, गोपालगंज में अब तक 13 की मौत और अब समस्तीपुर में भी 4 की जहरीली शराब पीने से मौत हुई। यानी पिछले 3 दिनों में 31 लोगों की मौत जहरीली शराब पीने से हो गई। कई अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं और ज़िंदगी की जंग लड़ रहे हैं।
देश दिवाली, भाई दूज और छठ के त्योहारों की खुशिया मना रहा हैं और बिहार में मानो मातम और चीख पुकार गांव-गांव शहर-शहर पैर पसार रहा है। शराबबंदी वाले बिहार में ज़हरीले शराब का कारोबार मौत बनकर गांव –गांव शहर शहर तांडव मचा रहा है। बेतिया और गोपालगंज में करीब 27 लोगों की मौत के बाद समस्तीपुर में भी 4 लोगों की संदिग्ध मौत हुई है।घटना जिले के पटोरी थाना के रुपौली पंचायत की है जहां चार लोगों की संदिग्ध मौत हुई है...मरने वालों में दो आर्मी के जवान शामिल थे... पांच अन्य लोगों का अलग अलग जगहों पर इलाज चल रहा है....जिनमें तीन की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। मरने वालो में एक 25 साल के नौजवान भी था, जिसके बूढ़े पिता बेटे की तस्वीर हाथ में लिए पूरी सच्चाई बयां कर रहे हैं।
समस्तीपुर में मरने वालों के परिजन बता रहे हैं कि शराब पीने से मौत हुई है, तो अस्पताल में इलाज करा रहे पीड़ित भी कहते हैं कि उन्होने शराब पी थी। वहीं समस्तीपुर के एसपी और डीएम भी घटना के बाद मौके पर पहुंचे और संदिग्ध मौत की बात कहकर जांच और बिसरा रिपोर्ट के इंतजार की बात कही।
पिछले 15 दिनों में मुजफ्फरपुर, बेतिया, गोपालगंज और अब समस्तीपुर में 40 से ज्यादा की मौत ज़हरीली शराब पीने से हो गई है। कई लोग बीमार हैं। सवाल है कि ज़हरीले शराब का कारोबार और कितनों की जान लेगा। आखिर शराबबंदी वाले बिहार में जहरीले जाम का इतना बड़ा कारोबार कैसे फलफूल रहा है? क्या बिना पुलिस प्रशासन की मिलीभगत के जहरीले शराब का कारोबार फल फूल सकता है। क्या थानेदार और चौकीदार पर कार्रवाई से शराबबंदी हो जाएगी। बड़े अधिकारियों की जवाबदेही कब तय होगी।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।