मंकीपॉक्स पर बिहार सरकार अलर्ट मोड पर
स्वास्थ्य मंत्री ने की उच्चस्तरीय बैठक...मंकीपॉक्स के संभावित लक्षण वाले मरीजों की करायी जायेगी सैंपल जांच
पटना। स्वास्थ्य विभाग की एक उच्चस्तरीय बैठक मंत्री मंगल पांडेय की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत अन्य वरीय अधिकारियों के साथ मंकीपॉक्स को लेकर केंद्र सरकार की गाईडलाइन, श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं की सेवा और कोरोना संक्रमण पर चर्चा हुई। बैठक में राज्य के सभी सिविल सर्जन और मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल के अधीक्षक वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिये उपस्थित हुए, जिन्हें मंत्री मंगल पांडेय ने मंकीपॉक्स की जांच व उपचार के संबंध में लेकर आवश्यक निर्देश दिए। मंगल पांडेय ने बताया कि मंकीपॉक्स को लेकर स्वास्थ्य महकमा अलर्ट है। राज्य के किसी जगह से ऐसे संभावित मरीज मिलने पर उसके सैंपल मंगवाने की व्यवस्था विभाग करेगा और उसे जांच के लिए पुणे स्थित भायरोलॉजी लैब भेजा जायेगा। जांच के बाद पॉजीटिव होने पर इलाज की व्यवस्था की जायेगी।
बैठक में मंगल पांडेय ने राज्य में चल रहे श्रावणी मेले में विभाग के कार्यों की समीक्षा की। विशेषकर मुंगेर, भागलपुर, बांका, वैशाली और मुजफ्फरपुर में किये जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की और कहा कि जो भी बेहतर कार्य करेंगे उन्हें सम्मान दिया जाएगा। कोविड के लिए वैक्सीन कार्यों में दिए गये योगदान के लिए सिविल सर्जनों की सराहना की। साथ ही कोरोना संक्रमण के प्रभाव को और कम करने को लेकर जांच और टीकाकरण में और तेजी लाने का निर्देश दिया। अपर मुख्य सचिव ने मंकीपॉक्स को लेकर राज्य के सभी सिविल सर्जनों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि संभावित लक्षण वाले मरीजों की सैंपल जांच की व्यवस्था अवश्य रूप से सुनिश्चित कराएं।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।