Live

JHARKHAND CRIME

हजारीबाग में NIA की बड़ी छापेमारी, जाली नोट मामले में दो सगे भाइयों के घर खंगाले गए

D
Deepak Kumarलेखक

पटना से पहुंचीNIAकी टीम ने बड़ा बाजार थाना क्षेत्र के हुरहुरू स्थित बाबा पथ में की कार्रवाई,प्रिंटर समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज जांच के लिए ले गई टीम
हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग में जाली नोट के मामले को लेकर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार सुबह NIA की टीम ने बड़ा बाजार थाना क्षेत्र के हुरहुरू स्थित बाबा पथ में दो सगे भाइयों के घर छापेमारी की। पटना से पहुंची जांच टीम ने उदय साव और प्रदीप साव के घर की तलाशी ली। दोनों भाई मूल रूप से बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

सुबह-सुबह घर पहुंचीNIAकी टीम
मिली जानकारी के अनुसार, जाली नोट से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में NIA की टीम बुधवार सुबह हजारीबाग पहुंची। इसके बाद बड़ा बाजार थाना क्षेत्र के हुरहुरू स्थित बाबा पथ में उदय साव और प्रदीप साव के घर तलाशी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान टीम ने घर में मौजूद विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की जांच की। बताया जा रहा है कि जांच टीम अपने साथ प्रिंटर समेत कई इलेक्ट्रॉनिक मशीनें और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी ले गई है।

बिहार के रहने वाले बताए जा रहे दोनों भाई
स्थानीय लोगों के अनुसार, उदय साव और प्रदीप साव मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और हजारीबाग में रह रहे थे। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि दोनों भाई ज्यादा लोगों से बातचीत नहीं करते थे और अपने काम से काम रखते थे। हालांकि, जाली नोट के मामले में दोनों की कथित भूमिका और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

NIAकी ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार
फिलहाल इस छापेमारी को लेकर NIA की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच के दौरान क्या-क्या बरामद हुआ और दोनों भाइयों के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई की जाएगी, इसकी जानकारी भी सामने नहीं आई है। जांच एजेंसी की कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है। अब सभी की नजरें NIA की आधिकारिक जानकारी और जांच के निष्कर्षों पर टिकी हैं।

हजारीबाग से पप्पू ठाकुर की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें