JHARKHAND NEWS
हजारीबाग में हाथी का कहर, ग्रामीण की कुचलने से मौत; परिजनों को मिला मुआवजा
हजारीबागः जिले के टाटीझरिया प्रखंड अंतर्गत गोधिया गांव में जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान महावीर यादव के रूप में हुई है। इस घटना के बाद गांव में शोक की लहर है, वहीं जंगल से सटे इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, महावीर यादव किसी काम से जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान अचानक उनका सामना एक जंगली हाथी से हो गया। हाथी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
परिजनों को तत्काल एक लाख रुपये की सहायता
घटना के बाद वन विभाग ने मानवीय पहल करते हुए मृतक के परिजनों को तत्काल एक लाख रुपये की मुआवजा राशि प्रदान की है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, शेष नौ लाख रुपये की राशि आवश्यक कागजी प्रक्रिया और औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उपलब्ध कराई जाएगी। इस प्रकार परिजनों को कुल दस लाख रुपये का मुआवजा दिया जाना है।
हाथियों के आतंक से ग्रामीणों में भय
क्षेत्र में लगातार जंगली हाथियों की आवाजाही और हमले की घटनाओं से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। जंगल के आसपास बसे गांवों के लोगों को अपनी जान-माल की सुरक्षा का डर सता रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर नियमित निगरानी रखने, संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और ग्रामीणों को समय रहते सतर्क करने की मांग की है। अब देखना होगा कि वन विभाग भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाता है, ताकि ग्रामीणों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
हजारीबाग से पप्पू ठाकुर की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।