BREAKING NEWS
हजारीबाग में 36 हाथियों के झुंड से बढ़ी चिंता, वन विभाग अलर्ट; रूट डायवर्ट करने की कोशिश जारी
कोडरमा और गिरिडीह होते हुए टाटीझरिया और दारू प्रखंड पहुंचा हाथियों का झुंड, DFOविकास उज्ज्वल ने ग्रामीणों से की सतर्क रहने की अपील
हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले में 36 जंगली हाथियों के झुंड की दस्तक से आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। कोडरमा और गिरिडीह जिले से होते हुए हाथियों का यह झुंड हजारीबाग के टाटीझरिया और दारू प्रखंड की ओर पहुंच गया है। हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग अलर्ट मोड में है। विभाग की टीम लगातार झुंड की निगरानी और ट्रैकिंग कर रही है। पूर्वी वन प्रमंडल के डीएफओ विकास उज्ज्वल ने बताया कि वन विभाग की टीम हाथियों की लोकेशन पर लगातार नजर बनाए हुए है। इसके साथ ही हाथियों के झुंड का रूट डायवर्ट करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उन्हें आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखा जा सके और किसी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
ग्रामीणों से जंगल नहीं जाने की अपील
हाथियों के झुंड की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। डीएफओ विकास उज्ज्वल ने कहा कि जिस भी इलाके में हाथियों के झुंड की सूचना मिले, वहां के लोग जंगल और जंगली क्षेत्रों में जाने से बचें। उन्होंने ग्रामीणों से वन विभाग की ओर से जारी सूचनाओं को गंभीरता से लेने और सावधानी बरतने की अपील की है। हाथियों के नजदीक जाने, उन्हें छेड़ने या उनके रास्ते में बाधा डालने से बचने की भी जरूरत है।
नुकसान होने पर मिलेगा मुआवजा
डीएफओ ने बताया कि हाथियों के झुंड से किसी ग्रामीण की जान-माल की क्षति होने पर वन विभाग के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाता है। फिलहाल वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है और झुंड को सुरक्षित तरीके से आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने की कोशिश में जुटी है।
हजारीबाग से पप्पू ठाकुर की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।