Live

हजारीबाग में सड़क हादसा मामला

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया हजारीबाग-चतरा मुख्यमार्ग जाम

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

हजारीबाग : हजारीबाग के कटकमसांडी थाना क्षेत्र में बस और स्कूली वैन में टक्कर होने से वैन चालक की मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रेलवे साइडिंग के पास मृतक चालक के शव को सड़क पर रखकर लगभग 6 घंटे से हजारीबाग-चतरा मुख्य मार्ग को जाम कर रखा है. वहीं घटना स्थल पर पुलिस प्रशासन पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने बुझाने में जुटी है.



आपको बता दें कि हजारीबाग के कटकमसांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुनिया सोत रेलवे साइडिंग के समीप स्कूल वैन और बस में जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में स्कूल वैन के चालक की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक स्कूली बच्चे घायल हो गए. सभी घायल बच्चों को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल हजारीबाग पहुंचाया गया. जहां चिकित्सकों के द्वारा इलाज किया जा रहा है. हालांकि इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुए 6 बच्चे को रांची रेफर कर दिया गया है.

घटना के विरोध में आसपास के ग्रामीणों ने रेलवे साइडिंग के समीप मृतक वाहन चालक के शव को रोड पर रखकर करीब 6 घंटे से हजारीबाग-चतरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया है. इस घटना को लेकर घटनास्थल पर पुलिस प्रशासन पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने बुझाने का कार्य कर रही है. ग्रामीणों का कहना है कि इतनी बड़ी दुर्घटना को लेकर अभी तक कोयला साइडिंग कंपनी की ओर से कोई वार्तालाप नहीं हुई है और ना ही उनके कोई कर्मचारी घटना स्थल पर पहुंचे हैं. ग्रामीणों की मांग है कि इन्हें मुआवजा के तौर पर नगद रकम और नौकरी दी जाए. सड़क जाम स्थिति को लेकर यात्रियों को काफी समस्याएं हो रही है. दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें भी लग गई है.

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें