हाजीपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई : 24 घंटे के अंदर अपहृत सत्यम सकुशल बरामद,तीन अपहरणकर्ता गिरफ्तार
हाजीपुर:जिले केसराय थाना पुलिस ने 24 घंटे के अंदर अपहृत सत्यम परासर को सकुशल बरामद कर लिया है. मामले में तीन अपहरणकर्ताओं को मौके से गिरफ्तार कर लिया है. अपहरणकर्ताओं की पहचान अभिषेक कुमार और उसके दो सहयोगियों के रूप में हुई है.
वैशाली पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने रविवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ स्थित सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी.पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुजफ्फरपुर जिला निवासी दिनेश ठाकुर ने अपने बेटे सत्यम परासर का अपहरण हो जाने के संबंध में सूचना सराय थाना पुलिस को दिया गया था. इस संबंध में सराय थाना कांड सं0-101/26 दर्ज किया गया है.
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सख्ती से पूछताछ में अपहरणकर्ताओं ने खुलासा करते हुए बताया कि 1,20,000 रुपये के बकाया उधारी को लेकर विवाद के कारण अपहरण किया गया था. अभियुक्तों ने फोन कर के बार-बार पैसे की मांग की थी और पैसे नहीं देने पर इस तरह के घटना को अंजाम दिया गया.
बता दें कि 27 मार्च 2026 को सत्यम परासर का पीछा कर सराय थाना क्षेत्र के मंसूरपुर में तीनों अभियुक्तों ने उनकी वाहन को ओवरटेक कर अपने निजी वाहन में बैठाकर अगवा कर लिया था.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस कांड की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया था. इस टीम में जिला आसूचना ईकाई और थानाध्यक्ष सराय शामिल है.गठित टीम ने सीसीटीवी अवलोकन और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर अपहृत सत्यम परासर को 24 घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर लिया है. तीन अपहरणकर्ताओं को सेवक नगर, ज्योति बिहार कॉलोनी वार्ड नंबर-10 शिव मंदिर के नजदीक भागलपुर से गिरफ्तार किया गया है.