Jharkhand News
हजारीबाग में दुर्गा पूजा को लेकर ट्रैफिक में बदलाव, PTC चौक से मटवारी मैदान तक रूट डायवर्ट
हजारीबागःदुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए हजारीबाग पुलिस ने व्यापक तैयारी की है। सप्तमी से दशमी तक विभिन्न पूजा पंडालों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक प्लान, पार्किंग व्यवस्था और रूट डायवर्जन की रूपरेखा तैयार की गई है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ पुलिस की विशेष टीमें भी तैनात की जाएंगी।
एडिशनल एसपी अमित कुमार ने बताया कि दुर्गा पूजा समारोह शुरू हो चुका है। सप्तमी से दशमी तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार के साथ पूजा पंडालों में दर्शन के लिए पहुंचेंगे। इसे देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर बैठक की गई है, जिसमें भीड़ नियंत्रण, पार्किंग और सुरक्षा से संबंधित आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की गई।
PTCचौक से मटवारी मैदान तक विशेष व्यवस्था
शहर के प्रमुख पूजा स्थलों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं। खासकरPTC चौक से मटवारी मैदान तक के इलाके पर ध्यान दिया जा रहा है, जहां पूजा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना रहती है।
पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर पार्किंग स्थल चिह्नित किए हैं। इसके अलावा, जरूरत के अनुसार कई जगहों पर रूट डायवर्जन और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहे और श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो।
ट्रैफिक नियमों का सख्ती से होगा पालन
दुर्गा पूजा के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। पुलिस का प्रयास है कि पूजा पंडालों के आसपास अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं से भी यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का सहयोगपूर्वक अनुपालन करने की अपील की गई है।
महिला सुरक्षा के लिए अलग पुलिस टीम
दुर्गा पूजा के दौरान महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस ने विशेष तैयारी की है। महिला थाना प्रभारी के नेतृत्व में महिला पुलिसकर्मियों की अलग टीम गठित की गई है। इस टीम को विशेष रूप से चिह्नित स्थलों पर तैनात किया जाएगा, ताकि महिलाओं को सुरक्षित माहौल मिल सके और किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
श्रद्धालुओं से पुलिस का सहयोग करने की अपील
हजारीबाग पुलिस ने दुर्गा पूजा के दौरान शांति, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। पार्किंग स्थलों के निर्धारण, रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग, QRT की गश्त और महिला पुलिस की तैनाती के जरिए भीड़ को व्यवस्थित करने की तैयारी है।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी असुविधा या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। प्रशासन का उद्देश्य दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।
हजारीबाग से पप्पू ठाकुर की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।