Live

दर्दनाक सड़क हादसा

गुमला में सड़क पर खड़े ट्रैक्टर से टकराई स्कूटी, 2 लोगों की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

गुमला:बड़ी खबर गुमला से है जहां घाघरा-लोहरदगा एनएच-143ए पर रविवार की रात सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर में पीछे से आ रही स्कूटी की टक्कर से स्कूटी सवार 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर अग्रेतर कार्रवाई की. वहीं घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर घाघरा-लोहरदगा मुख्य सड़क जाम कर दिया.

बताया जा रहा है कि घाघरा-लोहरदगा एनएच-143ए पर रविवार की रात चिप्स का डस्ट लदा ट्रैक्टर टायर पंचर होने के कारण सड़क पर खड़ी थी. इसी दौरान पीछे से आ रही स्कूटी ट्रैक्टर में जा घुसी. इससे स्कूटी सहित सवार ट्रैक्टर के पिछले हिस्से में फंस गए. काफी मशक्कत के बाद हाइड्रा मशीन की मदद से दोनों के शव को बाहर निकाला गया. मृतकों में एक की पहचान घाघरा के जग बगीचा निवासी लिबन किंडो के रूप में हुई है,जबकि दूसरे मृतक की पहचान घाघरा के नवडीहा निवासी देबरत के रूप में की गई है.

घटना के संबंध में लोगों ने बताया किबालू लदा ट्रैक्टर दिन के उजाले में ही टायर पंचर होने के कारण एनएच पर खड़ा था. लोगों का आरोप है कि कई घंटे बीत जाने के बाद भी ट्रैक्टर को सड़क से हटाकर किनारे नहीं किया गया. इसी बीच रात में स्कूटी सवार वहां पहुंचे और खड़े ट्रैक्टर को नहीं देख सके. स्कूटी सीधे ट्रैक्टर के पिछले हिस्से में जा घुसी,जिससे दोनों की जान चली गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और शवों को निकालने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद लेनी पड़ी.

घटना की सूचना मिलते ही घाघरा थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों शवों और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया. पुलिस ने मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है. इस हादसे ने सड़क पर खराब या पंचर वाहनों को बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के खड़ा छोड़ने के खतरे को एक बार फिर उजागर किया है. स्थानीय लोगों के अनुसार,यदि ट्रैक्टर को समय रहते सड़क से हटाया जाता या उसके पीछे पर्याप्त चेतावनी संकेत लगाए जाते,तो हादसे को टालने की संभावना हो सकती थी.

घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर घाघरा-लोहरदगा मुख्य सड़क जाम कर दिया. ग्रामीणों ने दोनों शव को वाहन पर रखकर घाघरा-लोहरदगा राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 143 ए को जाम कर दिया. ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग किया है. सड़क जाम होने से आवगमन प्रभावित हो गया और गाड़ियों की लंबी कतार लग गई जिससे आने जाने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा. रोड जाम कर रहे लोगों को समझने थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह पहुंचे. काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण अपने मांगों को लेकर अड़े रहे.

गुमला से किशोर की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें