Live

Jharkhand News

गुमला के वीर जवान प्रबोध तिर्की शहीद, सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

D
Deepak Kumarलेखक

त्रिपुरा के मीनू बॉर्डर पर ड्यूटी के दौरान डकैतों के हमले में हुए थे गंभीर रूप से घायल,इलाज के दौरान अगरतला में ली अंतिम सांस

गुमला:झारखंड के गुमला जिले के डुमरी प्रखंड स्थित आकाशी पकरीटोली गांव के वीर जवान प्रबोध तिर्की देश की सेवा करते हुए शहीद हो गए। सीमा सुरक्षा बल (BSF) की42वीं वाहिनी में तैनात43 वर्षीय प्रबोध तिर्की त्रिपुरा के मीनू बॉर्डर पर21 अक्टूबर की रात ड्यूटी के दौरान डकैतों के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अगरतला के एलियस अस्पताल में इलाज के दौरान23 अक्टूबर को उन्होंने अंतिम सांस ली। जवान के शहीद होने की खबर से उनके पैतृक गांव समेत पूरे इलाके में शोक की लहर है।

डकैतों के हमले में हुए थे गंभीर रूप से घायल

जानकारी के अनुसार, प्रबोध तिर्की त्रिपुरा के मीनू बॉर्डर पर तैनात थे।21 अक्टूबर की रात ड्यूटी के दौरान डकैतों के हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अगरतला के एलियस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां23 अक्टूबर को इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।वर्ष2007 से देश की सेवा कर रहे प्रबोध तिर्की ने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया।

सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

रविवार को इंस्पेक्टर सिनु राम ईचागुटू जवान का पार्थिव शरीर लेकर उनके पैतृक गांव आकाशी पकरीटोली पहुंचे। अपने वीर सपूत का पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया।

इस दौरान साथी जवानों ने हवाई फायरिंग कर सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी। गांव और आसपास के क्षेत्र के लोगों ने भी नम आंखों से वीर जवान को श्रद्धांजलि दी।

पत्नी, दो बेटियां और एक बेटे को छोड़ गए पीछे

शहीद प्रबोध तिर्की अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। परिवार के लिए यह अपूरणीय क्षति है। उनके निधन की खबर से परिजनों और ग्रामीणों में गहरा शोक है। देश की सुरक्षा में प्रबोध तिर्की के योगदान और उनके बलिदान को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा। उनका जीवन देशसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की मिसाल बना रहेगा।

गुमला से किशोर जायसवाल की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें