Live

JHARKHAND CRIME

गोड्डा में 12 वर्षीय बच्ची की हत्या से सनसनी, बहियार में मिला शव; सिर गायब होने से कई सवाल

D
Deepak Kumarलेखक

गोड्डाः झारखंड के गोड्डा जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र के डहुआ गांव में 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृत बच्ची की पहचान नीतू मरांडी, पिता तलवा मरांडी के रूप में हुई है। बच्ची का शव गांव के बहियार में मिलने के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। शव के साथ सिर नहीं मिलने की बात सामने आने से मामला और भी गंभीर हो गया है।

रात में घर से गायब हुई बच्ची,सुबह मिला शव
मिली जानकारी के अनुसार, नीतू मरांडी रात में अपने माता-पिता के साथ घर में सोई हुई थी। बताया जा रहा है कि देर रात उसे घर से निकालकर घर के पीछे ले जाया गया। आशंका जताई जा रही है कि धारदार हथियार से उसकी हत्या की गई। घटना के बाद बच्ची का सिर गायब होने की बात सामने आई है। सुबह बहियार में बच्ची का शव मिलने की सूचना गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। मासूम बच्ची की इस तरह हत्या किए जाने की खबर से गांव में शोक और आक्रोश व्याप्त है।

पुलिस ने शुरू की जांच,हत्यारे की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही ललमटिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और इसमें शामिल व्यक्ति या व्यक्तियों की पहचान नहीं हो सकी है।

हत्या की वजह और गायब सिर बना जांच का विषय
12 वर्षीय बच्ची की हत्या किसने और किस मकसद से की, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। वहीं, शव के साथ सिर नहीं मिलने का मामला भी जांच का अहम पहलू बना हुआ है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। अब सभी की निगाहें पुलिस की जांच पर टिकी हैं। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही इस जघन्य वारदात की असली वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

गोड्डा से अभिजीत की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें