Jharkhand News
गिरिडीह से मक्का-मदीना की जियारत को निकले 38 जायरीन, सलैया स्टेशन पर दुआओं के बीच हुई विदाई
गिरिडीह: मुकद्दस उमराह की तमन्ना और अल्लाह के दरबार में हाजिरी की उम्मीद लिए सोमवार देर शाम सलैया रेलवे स्टेशन से38जायरीन उमराह के सफर पर रवाना हुए। इस मौके पर स्टेशन पर उत्साह के साथ भावुक माहौल भी देखने को मिला। परिजनों और रिश्तेदारों ने अपने अजीजों को गले लगाकर विदा किया और उनके सुरक्षित सफर के लिए दुआएं मांगीं।
कई गांवों के जायरीन उमराह के सफर में शामिल
उमराह के लिए रवाना हुए जायरीन तेलोडीह,कोड़वाडीह,कसियाडीह,अल्गुन्दा,जीतपुर,उन्द्रों,नरेंद्रपुर समेत आसपास के कई गांवों के रहने वाले हैं। सभी जायरीनों को मक्का मुकर्रमा में बैतुल्लाह शरीफ और मदीना मुनव्वरा में मस्जिद-ए-नबवी की जियारत का बेसब्री से इंतजार है।
मुखिया शब्बीर आलम ने दी मुबारकबाद
जायरीनों की रवानगी के मौके पर तेलोडीह पंचायत के मुखिया शब्बीर आलम भी सलैया रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने सभी जायरीनों को उमराह की मुबारकबाद दी और उनके सफर की सलामती के साथ इबादतों की कुबूलियत के लिए दुआ की।
इस दौरान उन्होंने जायरीनों से मुल्क की तरक्की,झारखंड और गिरिडीह में अमन-चैन,आपसी भाईचारे और खुशहाली के लिए खास दुआ करने की अपील की।
दुआओं के साथ अपनों से विदाई
जायरीन अपने घरवालों से विदाई लेकर ट्रेन में सवार हुए। स्टेशन पर मौजूद परिजनों और रिश्तेदारों की आंखों में खुशी के साथ अपनों से बिछड़ने की भावुकता भी नजर आई। हर किसी के दिल में हरमैन शरीफ की जियारत की ख्वाहिश और जुबां पर दुआएं थीं।
लोगों ने अल्लाह तआला से सभी जायरीनों का सफर आसान करने,उनकी इबादतों को कुबूल फरमाने और उन्हें खैरियत के साथ अपने घर वापस लौटाने की दुआ की।
गिरिडीह से नफीस अजहर की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।