Jharkhand News
गिरिडीह में हाई-वोल्टेज ड्रामा: 4 साल के मासूम को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ा पिता, प्रशासन ने सुरक्षित उतारा
गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई,जब मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अजीडीह में एक व्यक्ति अपने चार वर्षीय बेटे को लेकर ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि मामला पारिवारिक जमीन के बंटवारे से जुड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद पिता और बच्चे को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
जमीन विवाद को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ा पिता
जानकारी के अनुसार,महादेव तिवारी अपने चार साल के मासूम बेटे को लेकर पानी की टंकी के ऊपरी हिस्से पर चढ़ गया। पिता को बच्चे के साथ इतनी ऊंचाई पर देखकर स्थानीय लोग चिंतित हो गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई शैलेन्द्र कुमार ने युवक को समझाने और नीचे उतरने के लिए मनाने का प्रयास किया,लेकिन शुरुआती कोशिशों में सफलता नहीं मिली।
प्रशासन की पहल से टली अनहोनी
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अंचलाधिकारी जितेंद्र प्रसाद ने मोबाइल फोन के जरिए महादेव तिवारी से बातचीत की। उन्होंने युवक की समस्याएं सुनते हुए उनके समाधान का भरोसा दिलाया। पुलिस और प्रशासन की लगातार समझाइश के बाद आखिरकार पिता और बच्चे को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
जमीन विवाद सुलझाने की हुई पहल
दोनों के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद प्रशासन ने जमीन विवाद के समाधान की दिशा में पहल की। संबंधित पक्षों और स्थानीय लोगों के बीच बातचीत कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया गया।
प्रशासन की तत्परता और लगातार समझाइश के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के दौरान इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
गिरिडीह से नफीस अजहर की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।