गयाजी में BJP का प्रशिक्षण महाअभियान संपन्न
मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने कार्यकर्ताओं को दी जिम्मेदारी
गयाजी: बोधगया में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का समापन रविवार को हुआ. प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और जनसंपर्क के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई.
समापन सत्र में बिहार सरकार के मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता भारत को विश्वगुरु बनाने के लक्ष्य के साथ समाज के बीच कार्य कर रहा है. उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान और अनुभव संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने में सहायक होंगे.
मंत्री ने कहा कि बूथ से लेकर मंडल स्तर तक संगठन की मजबूती में कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है. प्रशिक्षित कार्यकर्ता अब संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे.
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बताया कि यह प्रशिक्षण अभियान पूरे बिहार में संचालित किया गया है. इसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक और संगठनात्मक रूप से मजबूत बनाना है, ताकि पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाया जा सके.
प्रशिक्षण महाअभियान के समापन के साथ ही कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया.
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।