गया की बेटी ने बढ़ाया मान : BPSC परीक्षा में सफलता हासिल कर बनीं सप्लाई इंस्पेक्टर
गया जी: जिले के छोटकी डेल्हा न्यू कॉलोनी मोहल्ला की रहने वाली अपर्णा प्रभा ने बिहार संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (BPSC) में सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है. उन्हें बिहार सप्लाई सर्विस में सप्लाई इंस्पेक्टर के पद पर चयनित किया गया है.रिजल्ट आने के बाद जब वह अपने पैतृक आवास पहुंचीं तो परिवार के लोगों ने फूल-माला पहनाकर,मिठाई खिलाकर,गर्मजोशी से उनका स्वागत किया.
अपर्णा प्रभा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और पूरे परिवार को दिया.उन्होंने कहा कि उनका सपना 12वीं कक्षा से ही सिविल सर्विस में जाने का था और इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए परिवार ने हर कदम पर उनका साथ दिया. उन्होंने कहा कि सिविल सेवा की तैयारी एक लंबी प्रक्रिया है, जिसमें प्रीलिम्स, मेंस और इंटरव्यू जैसे तीन चरण होते हैं. ऐसे में धैर्य निरंतरता, नियमित पढ़ाई, रिवीजन और कड़ी मेहनत ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है.
उन्होंने प्रतियोगी छात्रों को संदेश देते हुए कहा कि यदि रोजाना अनुशासन के साथ तैयारी की जाए और हार न मानी जाए तो सफलता जरूर मिलती है.उनके अनुसार,थोड़ी-सी भी लापरवाही लक्ष्य से दूर कर सकती है.
अपर्णा ने अपनी स्कूली शिक्षा क्रेन मेमोरियल हाई स्कूल, गया से पूरी की. इसके बाद उन्होंने दौलत राम यूनिवर्सिटी दिल्ली विश्वविद्यालय से जूलॉजी ऑनर्स में स्नातक किया. वर्तमान में वह जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय नई दिल्ली से पीएचडी कर रही हैं. पीएचडी के प्रथम वर्ष के दौरान ही उनका BPSC का परिणाम आया, जिसके बाद अब वह विभाग में प्रशिक्षण और योगदान देने के लिए तैयार हैं. उन्होंने बताया कि उनकी रैंक 1963 रही, जिसके आधार पर उन्हें बिहार सप्लाई सर्विस में चयन मिला.
वहीं, अपर्णा के पिता ने बेटी की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि उनकी बेटी ने मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है. उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि अपर्णा आगे भी इसी तरह सफलता की नई ऊंचाइयों को छुएंगी और परिवार के साथ-साथ जिले का नाम रोशन करेंगी.
अपर्णा के चाचा शशि कुमार ने बताया कि वह बचपन से ही पढ़ाई में बेहद मेधावी रही हैं. गया में स्कूली शिक्षा के दौरान भी उनका प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा.बाद में उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त की और अब BPSC में सफलता हासिल कर पूरे परिवार और मोहल्ले को गौरवान्वित किया है. उन्होंने कहा कि अपर्णा की उपलब्धि से आसपास के लोग बेहद खुश हैं और लगातार बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है.