Hindi News / भावुक हुए जीतन राम मांझी,बोले- माता-पिता से बड़ा कोई भगवान नहीं

गया जी में पूर्वजों की प्रतिमा का अनावरण : भावुक हुए जीतन राम मांझी,बोले- माता-पिता से बड़ा कोई भगवान नहीं

Edited By:  |
gaya ji mein purvajo ki pratimaon ka anawran

गया जी: जिले के अतरी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत महकार स्थित अपने पैतृक आवास पर केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री जीतन राम मांझी ने अपने पूर्वजों की प्रतिमाओं का अनावरण किया. इस अवसर पर उनके बेटे एवं बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन, हम पार्टी के कई वरिष्ठ नेता,विधायक,कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे.

प्रतिमा अनावरण के बाद केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी भावुक हो गए.उन्होंने कहा कि "दुनिया में माता-पिता से बड़ा कोई भगवान नहीं. भगवान को किसी ने नहींदेखा,लेकिन माता-पिता साक्षात भगवान हैं. उन्होंने मजदूरी कर हमें पढ़ाया-लिखाया और उसी आशीर्वाद से हम मुख्यमंत्री से लेकर केंद्रीय मंत्री तक बने.

उन्होंने कहा कि अपने माता-पिता, छोटे भाई और परिवार के अन्य सदस्यों के योगदान को अमर बनाने के उद्देश्य से उनकी प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं.मांझी ने कहा कि राजनीति में आने के दौरान जब लोग उनका मजाक उड़ाते थे,तब उनके छोटे भाई ने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया. उन्होंने अपने परिवार के संघर्ष और त्याग को याद करते हुए कहा कि आज जो भी सम्मान और पहचान मिली है, वह उनके पूर्वजों के आशीर्वाद का परिणाम है.

वही, राजनीतिक सवालों पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए उम्मीदवार की जीत निश्चित है.उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार बिहार के विकास के लिए लगातार काम कर रही है और जनता एक बार फिर एनडीए पर भरोसा जताएगी.

वहीं, आरजेडी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए मांझी ने कहा कि वे ईमानदार और पार्टी के प्रति समर्पित नेता रहे हैं और भविष्य में भी राजनीति में बेहतर कार्य करेंगे.

दक्षिण बिहार में सूखे की स्थिति पर उन्होंने कहा कि यह प्राकृतिक समस्या है,लेकिन इसके स्थायी समाधान के लिए सोन नदी का पानी फल्गु नदी तक लाने की योजना पर काम चल रहा है. उन्होंने दावा किया है कि गया के निकट बैराज निर्माण और नहर परियोजना से दक्षिण बिहार को सूखे से राहत मिलेगी.साथ ही उन्होंने कहा कि जिस तरह पटना में मरीन ड्राइव बना है,उसी तरह भविष्य में गया में भी मरीन ड्राइव का निर्माण कराया जाएगा.