गया जी : ई-रिक्शा चालक के खाते में अचानक दिखने लगी 759 करोड़ से अधिक की राशि,सोमवार को खुलेगा रहस्य
गया जी:शहर के डेल्हा थाना क्षेत्र के बागेश्वरी मोहल्ले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है.ई-रिक्शा चालक शिव कुमार पटेल के बैंक खाते में अचानक 7,596,951,951.16 (करीब 759.69 करोड़ रुपये) का उपलब्ध बैलेंस दिखने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. यह खबर देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गई और लोग उन्हें मजाक में "अरबपति" कहने लगे.
पैसे निकासी के बाद बैलेंस देखकर हैरान हुए सीएसपी संचालक
शिव कुमार पटेल सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभार्थी हैं. शनिवार को वह सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के बागेश्वरी स्थित सीएसपी केंद्र पर वृद्धावस्था पेंशन में से 1,000 निकालने पहुंचे थे. निकासी के बाद मोबाइल पर आए एसएमएस में उपलब्ध बैलेंस देखकर सीएसपी संचालक भी हैरान रह गया. इसके बाद यह जानकारी शिव पटेल को दी गई.
बैंक प्रबंधक नेकिसी प्रकार का लेन देन ना करने की दी सलाह
शिव पटेल ने बताया कि उन्होंने पड़ोसी की मदद से बैंक के स्टेशन रोड शाखा के प्रबंधक से फोन पर संपर्क किया. बैंक प्रबंधक ने उन्हें किसी भी प्रकार का लेन देन न करने और मोबाइल में कोई छेड़छाड़ ना करने की सलाह दी. चूंकि दूसरा शनिवार और रविवार होने के कारण बैंक बंद है, इसलिए उन्हें सोमवार को शाखा में बुलाया गया है.
बैंक में जांच के बाद हो पाएगा खुलासा
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि खाते में इतनी बड़ी राशि किसी तकनीकी गड़बड़ी के कारण दिखाई दे रही है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है. अब सभी की निगाहें सोमवार को बैंक खुलने पर टिकी है. जब बैंक जांच के बाद इस रहस्य से पर्दा उठाएगा.