BREAKING NEWS
गढ़वा में 50 के करीब जंगली हाथियों का झुंड, 24 गांवों में दहशत, वन विभाग अलर्ट
छत्तीसगढ़ के रास्ते झारखंड में दाखिल हुए हाथी,शाम होते ही घरों में दुबकने को मजबूर ग्रामीण;चार क्यूआरटी और विशेषज्ञों की दो टीमें कर रहीं निगरानी
गढ़वाःझारखंड के गढ़वा जिले में जंगली हाथियों के बड़े झुंड की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। छत्तीसगढ़ के रास्ते जिले के जंगलों में पहुंचे चार से पांच दर्जन हाथियों के झुंड के कारण24गांवों के लोग प्रभावित हैं। हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए ग्रामीण शाम होते ही घरों में रहने को मजबूर हैं। लोगों को जान-माल के नुकसान का डर सता रहा है।
जिले के चिनिया,रंका,रमकंडा,भंडरिया,मेराल और बड़गढ़ प्रखंड के वन क्षेत्रों में हाथियों का झुंड लगातार विचरण कर रहा है। ग्रामीणों के अनुसार,हाथियों की बड़ी संख्या के कारण घरों और फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है। लोग सुबह से शाम तक अपने जरूरी काम निपटाने की कोशिश करते हैं,जबकि अंधेरा होते ही सतर्कता बढ़ा देते हैं।
चार क्यूआरटी टीमें अलर्ट,विशेषज्ञ भी कर रहे निगरानी
हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने और संभावित नुकसान को रोकने के लिए वन विभाग ने चार क्विक रिस्पॉन्स टीमों (क्यूआरटी) को अलर्ट मोड पर रखा है। इसके अलावा विशेषज्ञों की दो टीमें भी इलाके में मौजूद हैं। विभाग की ओर से ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है,ताकि हाथियों के सामने आने पर किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
नुकसान पर मिलेगा नियमानुसार मुआवजा
गढ़वा के डीएफओ एबीन बेनी अब्राहम ने कहा कि हाथियों से नुकसान होने पर नियमानुसार मुआवजा दिया जाता है। वन विभाग की टीमें अलर्ट हैं और ग्रामीणों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। वहीं,उपायुक्त पी.एन. मिश्रा ने स्थिति को चिंताजनक बताते हुए वन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने की अपील की है।
हाथियों के बड़े झुंड की लगातार मौजूदगी के बीच वन विभाग के सामने ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी बनाए रखने की चुनौती है।
गढ़वा से ध्रमेंद्र कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।