Live

गंडक नदी ने तोड़ा 2024 का रिकॉर्ड

बगहा में जलस्तर पहुंचा 91.25 मीटर,पश्चिम चंपारण में दो जगह तटबंध क्षतिग्रस्त

A
archana singhलेखक

गंडक नदी में बढ़े जलस्तर ने पश्चिम चंपारण में चिंता बढ़ा दी है। बगहा गेज स्थल पर नदी का जलस्तर 91.25 मीटर दर्ज किया गया, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। यह वर्ष 2024 के 90.90 मीटर के पुराने रिकॉर्ड से 0.35 मीटर अधिक है।

अत्यधिक जलश्राव के दबाव के कारण पश्चिम चंपारण जिले में गंडक नदी के बाएं तट पर बना चंपारण तटबंध दो स्थानों पर क्षतिग्रस्त हुआ है। बगहा-1 प्रखंड के खैरतवा और बैरिया प्रखंड के फुलियाखाड़ में तटबंध को नुकसान पहुंचा है।

जल संसाधन विभाग के अनुसार, तटबंधों पर सीपेज, पाइपिंग और ओवरटॉपिंग की समस्या सामने आई है। अब तक 169 स्थानों पर सीपेज और पाइपिंग की समस्या को तत्काल कार्रवाई कर सुरक्षित किया गया है। स्थिति को देखते हुए बगहा, बेतिया, मोतिहारी और गोपालगंज के लिए चार टीमें भेजी गई हैं।

वाल्मीकिनगर गंडक बराज से 28 सितंबर की सुबह छह बजे 5 लाख 43 हजार 500 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। बराज पर 13 घंटे तक जलस्राव पांच लाख क्यूसेक से अधिक और 32 घंटे तक चार लाख क्यूसेक से अधिक रहा।

नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में कम समय में हुई भारी बारिश और पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण व गोपालगंज में हुई बारिश से नदी का जलस्तर बढ़ा। विभाग के अनुसार अपस्ट्रीम में जलस्तर घटने, जबकि डाउनस्ट्रीम में बढ़ने की प्रवृत्ति बनी हुई है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें