Bihar
बिहार के पूर्व मंत्री का निधन, सीएम नीतीश ने जताया दुख, सियासी गलियारे में शोक की लहर
PATNA : बिहार के पूर्व मंत्री रामधनी सिंह का निधन हो गया है। पूर्व मंत्री के निधन के बाद बिहार के सियासी गलियारे में शोक की लहर दौड़ गयी है। प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी पूर्व मंत्री रामधनी सिंह के निधन पर शोक प्रकट किया है।
सीएम नीतीश ने जताया शोक
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा है कि वे एक कुशल राजनेता और समाजसेवी थे। उन्होंने बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारी का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया था। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। पूर्व मंत्री रामधनी सिंह का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
सीएम नीतीश ने पूर्व मंत्री के बेटे से की बात
बिहार के पूर्व मंत्री रामधनी सिंह के निधन की खबर सुनकर मुख्यमंत्री काफी मर्माहत हुए और उन्होंने तुरंत उनके बेटे उदय प्रताप सिंह से फोन पर बात की और सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और उनके परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
गौरतलब है कि बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री रामधनी सिंह का पटना के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया है। उनके निधन की खबर मिलते ही करगहर में उनके आवास पर शुभचिंतकों का आना शुरू हो गया है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।