पटना में फूड प्रोसेसिंग इन्वेस्टर्स मीट का आयोजन
केन्द्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत उद्योग जगत के दिग्गजों का हुआ जुटान, निवेशकों को दिया न्योता
PATNA :राजधानी पटना में सोमवार को एक निजी होटल में फूड प्रोसेसिंग इन्वेस्टर्स मीट का आयोजन किया गया। इसमें फूड प्रोसेसिंग सेक्टर के देशभर के दिग्गजों का जुटान हुआ। इस दौरान सरकार के मंत्री और वरीय अधिकारी मौजूद रहे। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान और बिहार के पर्यटन मंत्री नीतीश मिश्रा इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। इस दौरान उद्योग जगत के दिग्गज, नीति निर्माता और इन्वेस्टर्स ने चर्चा की।
इस दौरान केन्द्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि साल 2047 तक जब भारत विकसित देश बनेगा, तब देश का हर राज्य और हर पंचायत विकसित हो, हमें इस दिशा में काम करना है। लंबे समय बाद यह मौका आया है, जब केंद्र और बिहार में विकास के लिए प्रतिबद्ध सरकार सत्ता में बैठी है। ऐसे में यह मौका निवेशकों के लिए भी बेहतरीन है।
बिहार फूड प्रोसेसिंग इन्वेस्टर्स मीट के दौरान केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने निवेशकों को बिहार आने का न्योता दिया। पटना में इन्वेस्टर्स मीट के दौरान चिराग पासवान ने कहा कि जब केंद्र और राज्य में अलग-अलग मानसिकता या विचारधारा की सरकारें होती है तो दोनों के बीच विरोधाभास देखने को मिलता है।
ऐसे में दोनों ही सरकारों की योजनाएं धरातल पर नहीं उतरती लेकिन यह सुनहरा मौका है, जब केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सरकार और बिहार में नीतीश कुमार की सरकार निवेशकों की सुविधाओं के लिए खासतौर से काम कर रही है। चिराग पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार में उद्योग को बढ़ावा देने के लिए और निवेशकों की सुविधा के लिए खुद प्रयासरत हैं।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार ने जंगलराज के परसेप्शन को बदल दिया है। इन्वेस्टर्स मीट को संबोधित करते हुए मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि डबल इंजन की सरकार है तो हमें यह समझना चाहिए कि राज्य और केंद्र की डबल इंजन सरकार ने मिलकर विकास की योजनाओं को एक नई दिशा दी है। नीतीश मिश्रा ने निवेशकों का स्वागत करते हुए कहा कि बिहार में असीम संभावनाएं हैं। सिंगल विंडो सिस्टम के तहत उद्योग विभाग निवेशकों के लिए हर जरूरी कदम उठा रहा है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।