BIHAR
भागलपुर स्टेशन के पास ताबड़तोड़ फायरिंग और चाकूबाजी, मोबाइल छिनतई का विरोध करने पर दो घायल
भागलपुर: मुजाहिदपुर थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-6 के पास मोबाइल छिनतई का विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग और चाकूबाजी की घटना को अंजाम दिया। इस घटना में दो युवक घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए भागलपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, एक बदमाश यात्री का मोबाइल छीनकर भाग रहा था। स्थानीय लोगों ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। आरोप है कि करीब आधे घंटे बाद वह अपने 5 से 7 साथियों के साथ हथियार लेकर वापस पहुंचा और फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान चाकू से भी हमला किया गया।
घटना में मोहम्मद मेराज के बाएं हाथ में गोली लगी, जबकि मोहम्मद आमिर चाकू के हमले में घायल हो गए। परिजनों के मुताबिक, बदमाशों ने रेलवे गेट नंबर-6 के बाहर गली से लेकर टिकट काउंटर और पार्किंग क्षेत्र तक फायरिंग की। गोलियों की आवाज सुनकर स्टेशन परिसर में अफरातफरी मच गई और यात्री सुरक्षित जगहों की ओर भागने लगे।
परिजनों ने शाहबाज नगर कमेली निवासी आमिर, अली और तारीख समेत अन्य युवकों पर हमले में शामिल होने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच और पुष्टि होना बाकी है।बताया जा रहा है कि घटनास्थल मुजाहिदपुर थाना से करीब 100 मीटर की दूरी पर है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल दोनों घायलों का इलाज जारी है। पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की चुनौती है।
भागलपुर से डब्लू कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।